Site icon Yashbharat.com

रायपुर में ऑनलाइन सट्टा किंग सिंडिकेट का पर्दाफाश: इंफ्लुएंसर बनकर चल रहा था करोड़ों का नेटवर्क, दुबई कनेक्शन भी सामने

Screenshot 20260419 093854 Chrome

रायपुर में ऑनलाइन सट्टा किंग सिंडिकेट का पर्दाफाश: इंफ्लुएंसर बनकर चल रहा था करोड़ों का नेटवर्क, दुबई कनेक्शन भी सामने।इंटरनेट मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल, विदेशी टूर और महंगी गाड़ियों के जरिए खुद को सफल इंफ्लुएंसर के रूप में पेश करने वाला बाबू खेमानी अब एक बड़े ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड निकला है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि उसका असली नाम गुलशन खेमानी है और वह एक संगठित मल्टी-लेयर सट्टा नेटवर्क चला रहा था।

 

रायपुर पुलिस की तीन दिन की रिमांड में उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं इस केस में दुबई कनेक्शन सामने आने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एंट्री की संभावना भी जताई जा रही है।

तीन लेयर में चलता था पूरा सट्टा नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क बेहद संगठित तरीके से तीन लेयर में काम करता था—

पहली लेयर: सोशल मीडिया पर इंफ्लुएंसर की छवि बनाकर हाई-प्रोफाइल और अमीर लोगों को टारगेट किया जाता था और उन्हें सट्टे से जोड़ा जाता था।

दूसरी लेयर: पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए ऑपरेशन को रायपुर से बाहर शिफ्ट कर मुंबई और गोवा जैसे शहरों से चलाया जा रहा था। यहां से लाइव मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा ऑपरेट होता था।

तीसरी लेयर: म्यूल बैंक अकाउंट सिस्टम के जरिए पैसे का पूरा लेन-देन किया जाता था, जिससे करोड़ों रुपये की ट्रांजेक्शन को छिपाया जा सके।

नए और पुराने प्लेटफॉर्म से चलता था कारोबार

जांच में पता चला है कि पहले ‘मेटो’, ‘कलर 777’ और ‘क्लासिक एक्स 99’ जैसे ऐप के जरिए सट्टा चलाया जाता था। पुलिस की सख्ती के बाद इन्हें बंद कर दिया गया, लेकिन इसके बाद ‘3 स्टंप्स’ और ‘55 एक्सजेंस’ जैसे नए प्लेटफॉर्म बनाकर नेटवर्क फिर से सक्रिय कर दिया गया।

दुबई कनेक्शन और अंतरराष्ट्रीय लिंक की जांच

जांच एजेंसियों को खेमानी के दुबई कनेक्शन के भी संकेत मिले हैं, जिससे मामला अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया है। पुलिस उसके विदेश यात्राओं और नेटवर्किंग की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही IPL के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी से उसकी मुलाकात के वीडियो की भी जांच जारी है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे सट्टा सिंडिकेट के अन्य सदस्यों, वित्तीय लेन-देन और डिजिटल नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Exit mobile version