सफाई कर्मचारी की मृत्यु पर निगम की मानवीयता,निगम अधिकारी ने निवास पहुंचकर पत्नी बेला बाई को सौंपा 83700 रूपये की अग्रेसिया राशि भुगतान का स्वीकृति पत्र(नगर निगम कटनी के गलियारे की खबरें)
नगर की वायु गुणवत्ता में सुधार की दिशा में करें सुनियोजित एवं कारगर कार्यवाही- निगमायुक्त सुश्री परिहार, स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा कर निगमायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश
(नगर निगम कटनी के गलियारे की खबरें)
नगर की वायु गुणवत्ता में सुधार की दिशा में करें सुनियोजित एवं कारगर कार्यवाही- निगमायुक्त सुश्री परिहार, स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा कर निगमायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश
कटनी (YASHBHARAT.COM )। नगर क्षेत्र में वायु प्रदूषण को नियंत्रित कर नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा वर्तमान में किए जा रहे प्रयासों में और भी सुधार की गुंजाइश है। इसके लिए निर्धारित रूट चार्ट के अनुरूप ही प्रत्येक मार्ग की सुनियोजित एवं सतत सफाई के प्रयासों को और भी व्यापक स्तर से किए जाने की आवश्यकता है।तभी नगर को पूर्ण रूप से स्वच्छ एवं व्यवस्थित करने में सफलता हासिल की जा सकेगी। उक्त बात निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शुक्रवार शाम स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान कही।
करें सम्मिलित प्रयास
निगमायुक्त ने प्रमुख सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित यांत्रिक एवं मैनुअल सफाई करने, स्वीपिंग मशीन के माध्यम से धूल नियंत्रण की कार्यवाही अनवरत जारी रखने के निर्देश दिए। निगमायुक्त सुश्री परिहार ने मुख्य मार्गों के किनारे, डिवाइडर तथा पेवर ब्लॉक के ऊपर जमा धूल मिट्टी की सफाई कराकर एकत्रित धूल मिट्टी को ट्रैक्टर ट्राली से ढक कर उचित स्थान में डंप कराने की कार्यवाही हेतु स्वास्थ्य विभाग एवं उद्यान विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया।
करें स्पॉट फाइन की कार्यवाही
निगमायुक्त ने घुमंतू मवेशियों के विचरण पर नियंत्रण हेतु रोजाना कारगर कार्यवाही करने के साथ ही सफाई नियमों का पालन नहीं करने, अमानक पॉलीथिन का उपयोग करने, निर्माण एवं विध्वंस कार्यों से उत्पन्न धूल पर नियंत्रण तथा सार्वजनिक मार्गों पर निर्माण सामग्री रखने वालों के विरुद्ध स्पॉट फाइन की कार्रवाई करने के निर्देश भी बैठक में अधिकारियों को दिए।
हरित क्षेत्र विकास की दिशा करें प्रयास
इसके अतिरिक्त मुख्य मार्गों की सुंदरता और हरित क्षेत्र विकास की दिशा में डिवाइडर के अंदर सुंदर छोटे फूलदार पौधों का रोपण कर स्प्रिंकलर के माध्यम से डिवाइडर के पौधों की सिंचाई करने के निर्देश बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए।
निगमायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि नगर निगम का उद्देश्य समन्वित प्रयासों के माध्यम से नगर की वायु गुणवत्ता में निरंतर सुधार कर इसे स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक बनाना है। सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर अपने कर्तव्य पर उपस्थित रहना सुनिश्चित करें, तथा अधिकारी अपने स्तर से सफाई व्यवस्था एवं वायु गुणवत्ता सुधार से संबंधित सभी कार्यों की नियमित समीक्षा करें। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। बैठक के दौरान सहायक यंत्री आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उद्यान पर्यवेक्षक अभिषेक अरजरिया सहित सभी वार्डों के स्वच्छता निरीक्षक एवं वार्ड दरोगा मौजूद रहे।
सुभाष चौक स्थित रेस्टोरेंट में अग्नि दुर्घटना की सूचना मिलते ही निगम का फायर अमला रवाना, त्वरित राहत एवं बचाव कार्य से आग पर शीघ्र पाया गया काबू
कटनी। शनिवार प्रातः लगभग 11:40 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से कटनी नागर के सुभाष चौक स्थित फूड आइसलैंड रेस्टोरेंट में अग्नि दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई।
नगर निगम प्रशासन द्वारा प्राप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए फायर वाहन को टीम के साथ निर्धारित समय पर घटना स्थल सुभाष चौक के लिए रवाना कर स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए त्वरित राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किए गए।
सहायक फायर अधिकारी शैलेन्द्र कुमार दुबे ने बताया कि फायर कर्मचारियों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए शीघ्र ही आग पर काबू पा लिया है। टीम द्वारा समय रहते की गई कार्रवाई से हादसे की व्यापकता पर रोक लगाने में सफलता मिल सकी। निगम प्रशासन ने बताया कि फायर ब्रिगेड दल सदैव अलर्ट मोड पर कार्यरत है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए रवाना किया जाता है।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने राजस्व वसूली की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा कर वसूली कार्य मे गति लाने दिए निर्देश, राजस्व शाखा निगम की रीढ़ है, इसमें लापरवाही स्वीकर नहीं – निगमायुक्त
कटनी। राजस्व शाखा नगर निगम की रीढ़ है, नगर के अधिकांश विकास कार्य राजस्व आय पर ही निर्भर है। अतः संपूर्ण राजस्व अपना अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं लगन के साथ करें, किसी भी कर्मचारी को कार्य के दौरान यदि कहीं कोई परेशानी हो तो खुलकर बताएं ताकि उसके निराकरण के प्रयास समय रहते कर सकें। उक्त निर्देश निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शुक्रवार शाम निगम की राजस्व वसूली की साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों को दिए। बैठक के दौरान राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक सहित राजस्व शाखा, जलकर शाखा, बाजार शाखा, ट्रेड लाइसेंस शाखा के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
कम वसूली पर जताई नाराजगी
साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान राजस्व विभाग के सत्यनारायण मिश्रा, संतोष बिरहा, धमेन्द्र परौहा, संतोष गौतम, शैलेन्द्र कुण्डे, पुरुषोत्तम तिवारी, रमाकांत रावत, विश्राम कोल, अजय निगम, अरुण पाठक आदि की निम्न साप्ताहिक वसूली पर गहन नाराजगी व्यक्त की जाकर रोजाना बकायादारों से डोर टू डोर संपर्क कर वसूली में गति लाने के निर्देश दिए। निगमायुक्त सुश्री परिहार ने कम वसूली वाले वार्डो मे वसूली की प्रगति हेतु रोजाना समीक्षा कर आवश्यक सहयोग प्रदान करने हेतु सहायक राजस्व अधिकारी को निर्देशित किया। वहीं कम वसूली कर्ता कर्मचारियों को आगामी सप्ताह तक वसूली कार्य में गति नहीं लानें तथा 5 प्रतिशत से कम वसूली वालों के वेतन का आहरण रोकने एवं नोटिस जारी करने की कार्यवाही के निर्देश भी दिए। इस दौरान आरएसआई प्रमोद खरे एवं लवकुश तिवारी की वसूली कम होने पर उन्हें भी मेहनत कर टारगेट पूर्ण करने के निर्देश निगमायुक्त ने दिए।
बेहतर वसूली की प्रशंसा
बैठक के दौरान सचिन तिवारी द्वारा 90 प्रतिशत साप्ताहिक वसूली किये जाने पर तालियां बजाकर उनको प्रोत्साहित किया जाकर उनके वसूली के तौर तरीकों की जानकारी ली गई तथा शेष लोगों को भी श्री सचिन तिवारी की तरह रोजाना नागरिकों से संपर्क करने के प्रयास करते हुए वसूली कार्य मंे गति लाने हेतु प्रेरित किया गया।
करें नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्यवाही
जलकर शाखा की साप्ताहिक वसूली के दौरान प्रगति संतोषजनक नहीं होनें पर निगमायुक्त सुश्री परिहार द्वारा नाराजगी व्यक्त की जाकर वित्तीय वर्ष की समाप्ति को दृष्टिगत रखते हुए वसूली बढानें तथा बड़े बकायादारों की लिस्ट तैयार करते हुए निगम की अन्य शाखाओं के अधिकारी कर्मचारियों की टीम गठित करते हुए नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्यवाही प्रारंभ करनें के निर्देश सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक को दिए।
बैठक के दौरान निगमायुक्त सुश्री परिहार द्वारा आवास रिकवरी के बीएलसी के प्रकरणों पर कार्यवाही करते हुए कृत कार्यवाही से आगामी बैठक में अवगत करानें, ट्रेड लाइसेंस की निर्धारित टारगेट अनुरूप वसूली करनें तथा बाजर बैठकी की वसूली मंे सुधार लानें के निर्देश अधिकारियों को दिए। निगमायुक्त द्वारा कुल वसूली एवं शेष वूसली की जानकारी ली जाकर प्रति सप्ताह एक करोड़ रूपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया जाकर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ही वूसली करनें की हिदायत दी गई।
सफाई कर्मचारी की मृत्यु पर निगम की मानवीयता,निगम अधिकारी ने निवास पहुंचकर पत्नी बेला बाई को सौंपा 83700 रूपये की अग्रेसिया राशि भुगतान का स्वीकृति पत्र
कटनी। नगर निगम में पदस्थ सफाई कर्मचारी श्री अजय पिता प्रकाश के आकस्मिक निधन पर निगम प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण का परिचय देते हुए अनुग्रह सहायता राशि का स्वीकृति पत्र उनके परिजनों को सौंपा गया।
निगम के स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा शनिवार को दिवंगत कर्मचारी के निवास इंदिरा गांधी वार्ड पहुँचकर परिजनों से भेंट की गई एवं शासन, निगम नियमानुसार स्वीकृत 83 हजार 700 की अनुग्रह सहायता राशि का स्वीकृति पत्र उनकी पत्नी बेला बाई को सौंपा गया।
इस दौरान अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया तथा आश्वस्त किया कि निगम प्रशासन इस दुःख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। साथ ही, आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण कर सहायता राशि का भुगतान सुनिश्चित किए जाने की जानकारी भी दी गई। इस दौरान नगर निगम के सफाई कर्मचारी यूनियन संघ के पदाधिकारियों सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की भी उपस्थिति रही। नगर निगम प्रशासन अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी नियमानुसार हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।
सफाई नियमों का उल्लंघन करने पर 3 हजार रुपये का स्पॉट फाइन
कटनी। नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वास्थ्यप्रद बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा निरंतर निगरानी की कार्यवाही की जाकर स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान सफाई नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों, दुकानदारों के विरुद्ध 3 हजार रूपये की स्पॉट फाइन की कार्यवाही की गई।
स्वकास्थ्य अधिकारी संजय सोनी नें जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान मिशन चैक, मीट मार्केट एवं सिटी एरिया सहित जोन क्रमांक 4 कार्याालय कलेक्ट्रेट के सामनें सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने, गंदगी करने तथा निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करने के मामलों में कुल 3 हजार रुपये का स्पॉट फाइन आरोपित किया गया। संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन करने की समझाइश भी दी गई।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता व्यवस्था से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें।








