katniमध्यप्रदेश

नाग पंचमी पर सर्प मित्र अमिता श्रीवास की अनूठी पहल, सपेरों से मुक्त कराए सांप वन विभाग के साथ सुरक्षित जंगल मे छोड़ा गया

नाग पंचमी पर सर्प मित्र अमिता श्रीवास की अनूठी पहल, सपेरों से मुक्त कराए सांप वन विभाग के साथ सुरक्षित जंगल मे छोड़ा गया

कटनी। नाग पंचमी के अवसर पर जहां एक ओर शहर में धार्मिक आस्था और परंपराओं के तहत नाग देवता की पूजा-अर्चना की गई, वहीं दूसरी ओर सांपों के साथ होने वाली क्रूरता को रोकने के लिए सर्प मित्र एवं पशु प्रेमी अमिता श्रीवास ने अपनी टीम के साथ सराहनीय पहल की। उन्होंने नाग पंचमी के दिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सपेरों के कब्जे से सांपों को मुक्त कराया और उन्हें सुरक्षित जीवन देने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, नाग पंचमी के दिन अमिता श्रीवास अपनी टीम के साथ सुबह करीब 7 बजे से शाम 5 बजे तक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों, गलियों और चौराहों पर पहुंचीं। इस दौरान टीम ने ऐसे सपेरों पर नजर रखी, जो आस्था के नाम पर सांपों को पकड़कर उनके साथ अमानवीय व्यवहार कर रहे थे। टीम द्वारा करीब 10 सांपों को सपेरों के कब्जे से मुक्त कराया गया।

सर्प मित्र अमिता श्रीवास ने बताया कि धार्मिक आस्था अपनी जगह है, लेकिन इसके नाम पर वन्यजीवों के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता उचित नहीं है। सांपों को पकड़कर उनके मुंह सिल देना, दांत निकाल देना अथवा उन्हें लंबे समय तक भूखा-प्यासा रखना उनके लिए बेहद पीड़ादायक होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नाग पंचमी पर नाग देवता की पूजा अवश्य करें, लेकिन जीवित सांपों को पकड़कर तमाशा बनाने या उन्हें प्रताड़ित करने की परंपरा को बढ़ावा न दें।

लगातार बारिश के बीच भी अमिता श्रीवास और उनकी टीम ने पूरे दिन सक्रिय रहकर सांपों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का कार्य किया। सपेरों के कब्जे से मुक्त कराए गए सांपों को आवश्यक प्रक्रिया के बाद वन विभाग के माध्यम से सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया, जहां वे प्राकृतिक वातावरण में अपना जीवन व्यतीत कर सकें।

अमिता श्रीवास की इस पहल को पशु प्रेमियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों ने सराहा। उनका कहना है कि सांप भी प्रकृति के महत्वपूर्ण जीव हैं और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका है। इसलिए आस्था के साथ-साथ जीवों के प्रति करुणा और संवेदनशीलता रखना भी समाज की जिम्मेदारी है।

इस अभियान में रोहित श्रीवास एवं तुलसी बर्मन ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। टीम ने लोगों से अपील की कि यदि किसी स्थान पर सांप दिखाई दे तो उसे मारने के बजाय प्रशिक्षित सर्प मित्र अथवा संबंधित वन विभाग को सूचना दें, ताकि सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।

Back to top button