Site icon Yashbharat.com

Nuh Violence Live: हिंसा में छह की मौत, नूंह में तनाव बरकरार, तीस FIR; यूपी-दिल्ली-राजस्थान में अलर्ट

Nuh violence

Nuh Violence Live: हिंसा में छह की मौत, नूंह में तनाव बरकरार, तीस FIR; यूपी-दिल्ली-राजस्थान में अलर्ट  फरीदाबाद की रघुवीर कॉलोनी और मंझावली में धार्मिक स्थलों पर हमला हुआ है। करीब 20 से 25 युवकों ने हमला किया। धार्मिक स्थल के शीशे और दरवाजों को तोड़ दिया गया।

सोशल मीडिया पर अफवाहों पर ध्यान न दें-ACP

गुरुग्राम के ACP क्राइम वरुण दहिया ने कहा कि सभी स्कूल, कॉलेज और कार्यस्थल सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। यातायात की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं है। इंटरनेट भी चालू है। मैं सभी से अपील करता हूं कि सोशल मीडिया पर अफवाहों पर ध्यान न दें। अगर कोई कुछ जानकारी देना चाहता है तो वह हेल्पलाइन नंबर ‘112’ पर संपर्क कर सकता है।

नूंह हिंसा पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि घटना में अभी तक की जानकारी में छह लोगों की मृत्यु हुई। जिसमें से दो होमगार्ड और चार आम नागरिक हैं। राज्य पुलिस की 30 कंपनी और केंद्रीय सुरक्षा बल की 20 कंपनी तैनात हैं। केंद्रीय सुरक्षा बल की 20 कंपनी में से हमने तीन पलवल, दो गुरुग्राम, एक फरिदाबाद और 14 कंपनी नूंह में तैनात की हैं। अभी तक 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिनकी आज रिमांड ली जाएगी। मेरी जनता से अपील है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की घटना को आगे न बढ़ने दें।

दिल्ली के निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शन

हरियाणा के नूंह में हाल ही में हुई हिंसक झड़पों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के आह्वान के बाद बजरंग दल के सदस्यों ने दिल्ली निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शन किया।

घायल ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

बादशाहपुर प्रखंड बजरंग दल के संयोजक प्रदीप जलाभिषेक शोभायात्रा में हुए हमले में जख्मी हो गए थे। प्रदीप को पहले मेदांता और फिर सफदरजंग हॉस्पिटल दिल्ली में भर्ती कराया गया था। प्रदीप ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।

संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध

दिल्ली से लगते हुए हरियाणा के कुछ जिलों में हुई हिंसा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। जहां आवशक हैं वहां अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाए गए हैं। दिल्ली की सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। दिल्ली में अलर्ट जारी है। सुरक्षा को और मजबूत किया गया है। ईस्ट दिल्ली के ब्रह्मपुरी में बजरंग दल ने प्रदर्शन किया है।

भड़की हिंसा की आग गुरुग्राम तक पहुंच गई

नूंह में जलाभिषेक यात्रा के दौरान भड़की हिंसा की आग गुरुग्राम तक पहुंच गई है। मंगलवार को भीड़ ने सेक्टर-57 में निर्माणाधीन धर्मस्थल पर भीड़ ने हमला कर दिया और इमाम की हत्या कर दी। इसके बाद बादशाहपुर में दुकानों में तोड़फोड़ कर उपद्रवियों ने झुग्गियों में आग लगा दी। हिंसा में छह लोगों की मौत हो गई है। नूंह में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। आरोपियों की धरपकड़ व शांति के लिए अर्धसैनिक बलों की 20 व पुलिस बल की 20 कंपनियां तैनात की गई हैं।

 

नूंह में कर्फ्यू जारी है और आसपास के शहरों में धारा 144 लगाई गई है। हरियाणा के पलवल, सोहाना, मानेसर और पटौदी में इंटरनेट बंद है। विश्व हिंदू परिषद ने हिंसा के विरोध में आज देशव्यापी प्रदर्शन भी बुलाया है। हरियाणा में हिंसा को देखते हुए यूपी के 11 जिलों में अलर्ट किया गया है। राजस्थान में भी अलवर और भरतपुर में धारा 144 लागू की गई है। नूंह हिंसा के मामले में डेढ़ हजार से अधिक लोगों के खिलाफ तीस एफआईआर दर्ज की हैं।

Exit mobile version