बिजनौर में निकाह बना जंग का मैदान, दुल्हन के शादी से इनकार पर भड़की हिंसा, 10 घायल, बिजनौर जिले के नहटौर कस्बे में एक निकाह समारोह उस समय हिंसक झड़प में बदल गया जब दुल्हन ने शादी से अचानक इनकार कर दिया। खुशी का माहौल देखते ही देखते तनाव और फिर मारपीट व पथराव में बदल गया, जिसमें करीब 10 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, नूरपुर निवासी उस्मान के बेटे शुऐब उर्फ बब्बू की बारात बुधवार रात नहटौर-धामपुर मार्ग स्थित नाज बैंक्वेट हॉल में पहुंची थी। शादी यूसुफ की पुत्री से तय हुई थी। बारात के स्वागत में भोजन और अन्य व्यवस्थाएं भी शानदार तरीके से की गई थीं।
लेकिन निकाह की रस्म शुरू होने से ठीक पहले दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर मामला मारपीट तक पहुंच गया और दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे।
इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। वहीं दूल्हे की करीब 12 लाख रुपये की नई कार भी भीड़ के गुस्से का शिकार हो गई, जिसके शीशे तोड़ दिए गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि अब तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिजनौर में निकाह बना जंग का मैदान, दुल्हन के शादी से इनकार पर भड़की हिंसा, 10 घायल

