NH Highway 30 में पडुआ मोड़ पर महिला सहित दो लोगों से सवा दो लाख का गांजा बरामद, माधवनगर पुलिस की कार्रवाई

कटनी। माधवनगर पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर NH Highway 30 (राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30) पर पडुआ मोड़ में दबिश देकर एक महिला सहित दो लोगों को प्रतिबंधित गांजा की खेप के साथ गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से सवा दो लाख रूपए कीमती 22 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए माधवनगर थाना प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि बीतीरात मुखबिरों से सूचना मिली कि कुठला थाना अंतर्गत ग्राम मतवारी निवासी 52 वर्षीय गुलबिया बाई सनोरिया (नरगढिय़ा) पति मिर्रा नरगढिय़ा व ग्राम रैपुरा निवासी बसंत कुमार कोल पिता नरेश कोल पिछले लंबे समय से प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा की तस्करी में लिप्त हैं तथा अभी दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 के पडुआ मोड़ में प्रतिबंधित गांजा की खेप के साथ मौजूद हैं।

माधवनगर थाना प्रभारी श्रीगुप्ता ने बताया कि मुखबिरों से मिली इस सूचना से पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज केडिया व नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा को अवगत कराया गया तथा सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से दिशा निर्देश व मार्गदर्शन लेकर एक पुलिस टीम बनाकर मौके पर तस्दीक के लिए भेजा गया।

पुलिस टीम को गुलबिया बाई व बसंत प्रतिबंधित गांजा की खेप के साथ मिल गए। दोनों के पास से 2 लाख 25 हजार रूपए कीमती 22 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया। हालांकि अभी यह पता नहीं चल सका है कि दोनों गांजा की खेप कहां और किसके पास से लेकर आए थे। दोनों के विरूद्ध नारकोटिक्स एक्ट की धारा 8, 20 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version