समाचार -1
नगर निगम कटनी की खबरें:=श्रीमद्भागवत कथा आयोजन को दृष्टिगत रख रंगनाथ नगर एवं पहुंच मार्गों में चल रहा विशेष सफाई अभियान
कटनी (YASH BHARAT.COM )। श्री रंगनाथ सेवा समिति, रंगनाथ नगर कटनी के तत्वावधान में 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों एवं समस्त पहुंच मार्गों में प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरन प्रीत कौर के निर्देश पर नगर निगम के स्वास्थ्य अमले द्वारा रंगनाथ नगर, कथा स्थल, प्रमुख मार्गों एवं समस्त पहुंच मार्गों सहित आवागमन स्थलों पर झाड़ू लगाकर कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई, सड़क किनारे जमा अपशिष्ट एवं घास झाड़ियों को हटाने तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही नियमित रूप से कचरा उठाव एवं स्वच्छता निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। निगम प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं स्वच्छता कर्मियों को निर्देशित किया है कि कथा महोत्सव की अवधि तक विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। निगम का उद्देश्य है कि धार्मिक आयोजन के दौरान शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता का सकारात्मक संदेश आमजन तक पहुंचे।
समाचार -2
राजस्व वसूली की समीक्षा कर उपायुक्त श्री गुप्ता नें अमले को दिए वसूली बढ़ाने के निर्देश, लक्ष्य प्राप्ति के लिए रोजाना करदाताओं से करें संपर्क
कटनी। वित्तीय वर्ष के शेष दिनों को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम द्वारा सभी वार्डो में राजस्व वसूली अभियान चलाया जाकर दैनिक एवं साप्ताहिक वसूली कार्य की निरंतर समीक्षा भी की जा रही है। इसी श्रृंखला में उपायुक्त श्री शैलेष गुप्ता द्वारा राजस्व वसूली कार्य की प्रगति की समीक्षा की जाकर निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति हर हाल में करने निर्देश दिये गए। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि निगमायुक्त महोदया द्वारा वसूली अमले को पहले ही टारगेट दिये जा चुके है, यदि निर्धारित टारगेट को पाना है तो रोजाना मेहनत करना होगी, तभी सफलता मिल सकेगी।
समाचार -3
भारत के स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में निगम कार्यालय में दो मिनट का मौन धारण शुक्रवार को
कटनी। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने जीवन का बलिदान देने वाले शहीदों की स्मृति में शुक्रवार 30 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे सभी शासकीय कार्यालयों में 2 मिनिट का मौन रखे जानें के निर्देश दिए गए है। नगरपालिक निगम उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता द्वारा निगम के सभी अधिकारी कर्मचारियों से शहीद दिवस को शासन निर्देशानुसार सम्पूर्ण गरिमा के साथ मनाने की अपेक्षा की गयी है। इस दिन को व्यापक रूप से आम जनता की भागीदारी से मनाए जाने के लिए प्रातः 11 बजे कार्य और अन्य गतिविधियां रोककर दो मिनिट का मौन रखा जाएगा।
शहीदों की स्मृति में दो मिनट के मौन की अवधि शुरू होने तथा समाप्त होने की सूचना सायरन बजाकर या आर्मी गन से दी जायेंगी। सायरन 10ः59 बजे से 11ः00 बजे तक बजाए जाने चाहिए और दो मिनट के बाद 11ः02 बजे से 11ः03 बजे तक पुनः क्लियर सायरन बजाए जाने चाहिए। जहां सायरन उपलब्ध हो वहां यह कार्यविधि अपनाई जाए। सिग्नल (जहां उपलब्ध हो), के अनुसार सभी व्यक्ति खडे हो जाएं और मौन धारण करें। उपायुक्त श्री गुप्तानें निगम के सभी अधिकारी कर्मचारियों से शहीद दिवस पर कार्यालय में मौन धारण करने के निर्देश दिए है।
समाचार -4
गांधी निर्वाण दिवस पर मांसाहारी पदार्थों का क्रय -विक्रय रहेगा बंद
कटनी। शासन निर्देशानुसार गांधी निर्वाण दिवस के अवसर पर 30 जनवरी 2026 दिन शुक्रवार को नगर में मांसाहारी पदार्थ मुर्गा, मुर्गी, मांस, मछली आदि का क्रय-विक्रय बंद रहेगा। इस संबंध में स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी ने आम सूचना के माध्यम से नागरिकों एवं मांसाहारी पदार्थों का क्रय-विक्रय करने वाले दुकानदारों को सूचित किया है कि वे गांधी निर्वाण दिवस 30 जनवरी 2026 को मांसाहारी पदार्थों का क्रय विक्रय न करें। उक्त आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।
समाचार -5
नगर विकास की दिशा में निरंतर बढ़ते कदम, जगन्नाथ चैक से घंटाघर मार्ग चौड़ीकरण हेतु शेष चिन्हित संरचनाओं को हटाने की कार्यवाही निरंतर जारी, उपायुक्त ने स्थल निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश
कटनी। शहर के समग्र विकास एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर निगम प्रशासन द्वारा जगन्नाथ चैक से घंटाघर तक मार्ग चैड़ीकरण हेतु शेष कार्य को तीव्र गति से पूर्ण करनें के प्रयास किये जा रहे है। निर्धारित योजना के अनुरूप इस मार्ग की शेष चिन्हित संरचनाओं को हटाने की कार्यवाही लगातार जारी है, जिससे मार्ग के शेष विकास कार्यो को शीघ्रता से पूर्ण कराते हुए व्यवस्थित मार्ग को नागरिकों के सुगम आवागमन के लिए सौंपा जा सके। गुरुवार को मार्ग की चिन्हित संरचनाओं को पृथक करने की कार्यवाही के दौरान उपायुक्त श्री शैलेष गुप्ता द्वारा स्थल पर की जा रही कार्यवाही का निरीक्षण करते हुए अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह एवं लोक निर्माण शाखा के अधिकारी कर्मचारियों को पूर्ण सुरक्षा के बीच समरूपता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

