तिलक महाविद्यालय मे दीक्षारंभ समारोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ स्वागत

तिलक महाविद्यालय मे दीक्षारंभ समारोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ स्वागत

कटनी- शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए बुधवार को विज्ञान संकाय में दीक्षारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराते हुए उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं समारोह संयोजक प्रो. के.पी. मिश्र ने समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया।

प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार वाजपेई ने अपने संबोधन में महाविद्यालय की उपलब्धियों, नवीन शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना एवं विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं जीवन कौशल विकसित करने का सशक्त केंद्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध सभी अवसरों का सदुपयोग कर लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। साथ ही भोज विश्वविद्यालय, इग्नू, महिला छात्रावास तथा एक वर्षीय कर्मकांड डिप्लोमा पाठ्यक्रम की भी जानकारी दी।

प्रो. एम.पी. यादव ने महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का परिचय कराया। डॉ. सरदार दिवाकर ने एनसीसी, प्रो. माधुरी गर्ग ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), प्रो. आर.पी. मिश्रा ने एंटी रैगिंग सेल तथा डॉ. अतुल कुमार ने भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला।

विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं एवं शैक्षणिक सुविधाओं का भी परिचय कराया गया। भौतिकशास्त्र विभाग की जानकारी श्री विनोद लोधी, रसायनशास्त्र विभाग की जानकारी श्री पुनर्वसु भट्टाचार्य, वनस्पति विज्ञान एवं वनस्पति उद्यान की जानकारी श्रीमती ज्योत्सना आठ्या, बायोटेक्नोलॉजी विभाग की जानकारी डॉ. दीपेंद्र सिंह, भूगर्भशास्त्र विभाग की जानकारी श्री आयुष तिवारी, भूगोल विभाग की जानकारी सुश्री अंकिता गोस्वामी तथा कंप्यूटर लैब की जानकारी डॉ. सुशील मिश्रा ने दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर का भ्रमण भी कराया गया, जिससे वे उपलब्ध शैक्षणिक एवं छात्रहितैषी सुविधाओं से परिचित हो सके।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय कुमार ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. प्रतिभा त्रिपाठी ने किया। समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Exit mobile version