राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा आज करेंगे सीएम योगी से मुलाकात, पहली बार आ रहे अयोध्या
राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा आज करेंगे सीएम योगी से मुलाकात, पहली बार आ रहे अयोध्या
अयोध्या (यशभारतडॅाट कॉम)। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनाए गए रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा मंगलवार सुबह ट्रेन से अयोध्या पहुंच चुके हैं। पदभार संभालने के बाद आज उनकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से होगी। सीएम योगी भी आज अयोध्या दौरे पर हैं, जहां वे रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे और विकास कार्यों का जायजा लेंगे।
43 साल की सैन्य सेवा के बाद संभाली रामलला की सेवा
मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी जितेंद्र मिश्रा इसी वर्ष 30 अप्रैल 2026 को भारतीय वायु सेना से एयर मार्शल के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वायुसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख रहे जितेंद्र मिश्रा ने कारगिल युद्ध और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में बेहद अहम भूमिका निभाई थी। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल (SYSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से अलंकृत किया जा चुका है।
सीईओ का प्रभार मिलने पर जितेंद्र मिश्रा ने कहा, “देश की 43 साल सैन्य सेवा के बाद श्री राम मंदिर और श्रद्धालुओं की सेवा का अवसर मिलना प्रभु राम का आशीर्वाद और मेरा परम सौभाग्य है।”
दान चोरी विवाद के बाद ट्रस्ट के ढांचे में बड़ा बदलाव
गौरतलब है कि राम मंदिर में दान चोरी की घटना सामने आने के बाद काफी विवाद हुआ था, जिसके चलते ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा को पदमुक्त कर दिया गया था। इसके बाद व्यवस्था को पारदर्शी और पेशेवर बनाने के लिए 2 सितंबर 2026 को ट्रस्ट में पहली बार CEO का पद सृजित कर जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लगाई गई।
इसके साथ ही ट्रस्ट में 3 नए ट्रस्टी—दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को भी शामिल किया गया है।