Site icon Yashbharat.com

NEET 2020 का परिणाम जारी, 100 फीसद अंक के साथ शोएब आफताब बने टॉपर

qbam0b58 neet topper

NEET 2020 मेडिकल की पढ़ाई के लिए होने वाली नीट परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया गया। इस बार की नीट परीक्षा में बाजी मारी है ओडिशा के रहने वाले शोएब आफताब ने। 18 वर्षीय शोएब आफताब ने 720 में से पूरे 720 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया है। वह ओडिशा के पहले ऐसे छात्र बन गए हैं जिसने इस परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है।

100 फीसदी अंक पाने वाले शोएब आफताब ने राजस्थान के कोटा में स्थित एक संस्थान से कोचिंग ली थी। बता दें कि इस साल इस परीक्षा का आयोजन वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के साये के बीच हुआ था। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने इस परीक्षा का आयोजन 13 सितंबर को करवाया था। इसमें करीब 14 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे।

अपनी इस सफलता को लेकर शोएब ने कहा कि मेरे परिवार में कोई डॉक्टर नहीं है, इसलिए मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी। मुझे उम्मीद थी कि टॉप 100 या टॉप 50 में मेरा नाम होगा लेकिन 720 में से 720 अंक पाने की उम्मीद नहीं की थी। यह परीक्षा स्थगित हो रही थी, इस वजह से दबाव भी काफी था। मेरा लक्ष्य शांत रहने का और समय का सदुपयोग करना था।

बता दें कि नीट परीक्षा के जरिए देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस में प्रवेश मिलता है। इस परीक्षा में छात्रों को ऑल इंडिया रैंक के अनुसार देश के शीर्ष चिकित्सा संस्थानों में एडमिशन मिलता है। कोरोना महामारी के चलते इस साल स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए ये परीक्षा आयोजित कराई गई थी।
इस तरह देखें नीट 2020 परीक्षा का परिणाम
एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट ntaneet.nic.in पर जाएं
NEET Result 2020 के लिंक पर क्लिक करें
रजिस्ट्रेशन नंबर और रोल नंबर लिखकर सबमिट करें
रिजल्ट आपकी स्क्रीन पर आ जाएगा, जिसे डाउनलोड कर सकते हैं।

Exit mobile version