राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवको एवं एनसीसी कैडेट ने किया थाना भ्रमण के माध्यम से पुलिस की कार्यप्रणाली से हुए परिचित
कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ के अंतर्गत एनकेजे थाना का भ्रमण कराया गया। उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्यप्रदेश पुलिस विभाग की सामुदायिक पुलिसिंग पहल के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एवं यूथ रेडक्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस थाने के भ्रमण में विद्यार्थी सम्मिलित रहे थाना भ्रमण पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, श्री कमल मौर्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटनी एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुनील कुमार बाजपेई, के निर्देशन एवं डॉ. माधुरी गर्ग, डॉ. सरदार दिवाकर, डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में एनकेजे थाने का भ्रमण विद्यार्थियों को कराया गया
इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानूनी प्रक्रियाओं तथा नागरिक सुरक्षा से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
थाना भ्रमण के दौरान पुलिस एनकेजे थाना प्रभारी श्री रूपेंद्र राजपूत ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रक्रियाओं से अवगत कराया। उन्होंने प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया, शिकायत एवं रिपोर्ट लिखे जाने की कार्यवाही तथा पुलिस से सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने 112 आपातकालीन सेवा के माध्यम से पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई। इस संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को यह जानने का अवसर मिला कि किसी आपातकालीन परिस्थिति में पुलिस से किस प्रकार संपर्क किया जा सकता है तथा कानून के अंतर्गत उपलब्ध सहायता का उपयोग कैसे किया जा सकता है।
थाना भ्रमण विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहा, क्योंकि इससे उन्हें कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक जानकारी के साथ पुलिस प्रशासन की व्यावहारिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता, नागरिक जिम्मेदारी तथा जनसुरक्षा के प्रति सजगता विकसित करने में योगदान दिया। डॉ.सरदार दिवाकर द्वारा सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर डॉ.सरदार दिवाकर, डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, डॉ. संगीता बसरानी डॉ.अतुल कुमार, श्री सागर पटेल, सुश्री अंकित गोस्वामी सहित महाविद्यालय के एनएसएस, एनसीसी एवं खेल गतिविधियों से जुड़े बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

