Site icon Yashbharat.com

नशामुक्ति का संदेश लेकर कटनी पहुंची राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली, पुलिस ने किया स्वागत,राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के तहत ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान, कलेक्टर और एसपी ने जनभागीदारी पर दिया जोर

IMG 20261018 WA0145

नशामुक्ति का संदेश लेकर कटनी पहुंची राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली, पुलिस ने किया स्वागत,राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के तहत ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान, कलेक्टर और एसपी ने जनभागीदारी पर दिया जोर

कटनी। राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के तहत ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान के अंतर्गत नशामुक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर बिहार, पश्चिम बंगाल एवं झारखंड से निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली कटनी पहुंची। इस अवसर पर कटनी पुलिस द्वारा रैली का भव्य स्वागत किया गया। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।

नशे के अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि कटनी पुलिस नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने में आम नागरिकों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। नागरिकों से अपील की गई कि वे नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक रहें, युवाओं को नशे से दूर रखें और अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं।

नशामुक्त भारत के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। आज नशे की लत समाज के लिए गंभीर चुनौती बन रही है। विशेष रूप से सूखे नशे का बढ़ता प्रचलन युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए नशामुक्त समाज का निर्माण आवश्यक है। यह केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।

राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के तहत निकाली गई इस रैली का उद्देश्य देश की एकता एवं अखंडता के साथ नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। कटनी पुलिस ने नागरिकों से अभियान में सहभागी बनने और नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

Exit mobile version