National Bird Peacock कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र के जंगल में राष्ट्रीय पक्षी मोर के पंख उखाड़ कर वीडियो वायरल करने के मामले में वन विभाग की टीम ने महाराष्ट्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। Facebook Reel के लिए यह बर्बरता राष्ट्रीय पक्षी मोर के साथ कि गई थी।
आपको बता दें कि मध्यप्रदेश के कटनी जिले में राष्ट्रीय पक्षी मोर के साथ बर्बरता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। पूरा मामला रीठी थाना क्षेत्र का बताया गया, जहां पारदी समाज का एक युवक मोर के पंखों को बर्बरता के साथ नोचता दिखा। वायरल वीडियो में दिख रहे युवक का नाम अतुल बताया गया जिसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पूरा वीडियो शेयर किया है। युवक के साथ एक युवती भी है। दोनों ने इस कृत्य की गाने के साथ एक रील भी बनाई।
मामले पर वन मंडल अधिकारी गौरव शर्मा ने तब बताया था कि वायरल वीडियो पर संज्ञान लिया गया है। युवक की शिनाख्त बाइक के नंबर से हुई, जो रीठी क्षेत्र का निकला है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जब टीम पहुंची तो युवक घर पर नहीं मिला। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की मदद ली गई। इन दोनों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया गया ।

