एलएचबी कोच के साथ चलेंगी नर्मदा एक्सप्रेस, ऊर्जाधानी एक्सप्रेस व सिंगरौली=भोपाल एक्सप्रेस
कटनी(YASH BHARAT.COM)। रेल प्रशासन द्वारा यात्री सुविधाओं को विस्तारित किया जा रहा हैं। इसी कड़ी में इंदौर से बिलासपुर के बीच कटनी साउथ स्टेशन होकर चलने वाली नर्मदा एक्सप्रेस, सिंगरौली से भोपाल के बीच कटनी मुड़वारा स्टेशन होकर चलने एक्सप्रेस ट्रेन व सिंगरौली से हजरत निजामुद्दीन के बीच कटनी मुड़वारा स्टेशन होकर चलने वाली ऊर्जाधानी एक्सप्रेस को रेलवे ने एलएचबी कोच के साथ चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 18234 बिलासपुर – इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस अपने प्रारम्भिक स्टेशन बिलासपुर से 30 मार्च 2026 से तथा गाड़ी संख्या 18233 इंदौर – बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस अपने प्रारम्भिक स्टेशन इंदौर से 31 मार्च 2026 से एलएचबी कोच के साथ चलेगी। एलएचबी कोच लगने के बाद इस ट्रेन में 01 वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय, 01 वातानुकूलित द्वितीय, 05 वातानुकूलित तृतीय, 09 शयनयान, 04 सामान्य श्रेणी, 1 एसएलआरडी एवं 1 जनरेटर कार सहित कुल 22 एलएचबी कोच रहेंगे।
भोपाल=सिंगरौली व भोपाल=हजरत निजामुद्दीन में इस दिन से लगेंगे एलएचबी कोच
रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 22165 भोपाल – सिंगरौली एक्सप्रेस अपने प्रारम्भिक स्टेशन भोपाल से 31 मार्च 2026 से तथा गाड़ी संख्या 22166 सिंगरौली – भोपाल एक्सप्रेस अपने प्रारम्भिक स्टेशन सिंगरौली से 03 अप्रैल 2026 से एलएचबी कोच लगेंगे। इसी तरह गाड़ी संख्या 22167 सिंगरौली – हज़रत निजामुद्दीन ऊर्जाधानी एक्सप्रेस में प्रारम्भिक स्टेशन सिंगरौली से 01 अप्रैल 2026 से तथा गाड़ी संख्या 22168 हज़रत निजामुद्दीन – सिंगरौली ऊर्जाधानी एक्सप्रेस में प्रारम्भिक स्टेशन हज़रत निजामुद्दीन से 02 अप्रैल 2026 से एलएचबी कोच लगेंगे।एलएचबी कोच लगने के बाद इन दोनों ट्रेनों में 01 वातानुकूलित प्रथम, 02 वातानुकूलित द्वितीय, 06 वातानुकूलित तृतीय, 07 शयनयान, 04 सामान्य श्रेणी, 1 एसएलआरडी एवं 1 जनरेटर कार सहित कुल 22 एलएचबी कोच रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि एलएचबी कोच पारंपरिक (आईसीएफ) कोचों की तुलना में अधिक आरामदायक एवं सुरक्षित होते हैं। इनमें उच्च गति पर संचालन की क्षमता होती है तथा ये वजन में भी हल्के होते हैं। नए डिज़ाइन में तैयार किए गए ये कोच यात्रियों को अधिक सुखद और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करते हैं।