वर्षा ऋतु से पहले नगर निगम की पहल, शासकीय स्कूलों में होंगे मरम्मत कार्य,विद्यार्थियों को सुरक्षित व बेहतर शैक्षणिक माहौल देने अधिकारियों ने किया निरीक्ष
कटनी। वर्षा ऋतु के दौरान शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशन में निगम अधिकारियों की संयुक्त टीम ने नगर निगम सीमा के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवनों की छतों से संभावित रिसाव, भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने जहां भी कमियां मिलीं, उन्हें चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, उपयंत्री मोना करेरा एवं उनकी टीम ने संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों की उपस्थिति में भवनों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन से चर्चा कर आवश्यक मरम्मत कार्यों की सूची तैयार की गई और उन्हें समयबद्ध ढंग से पूरा कराने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
इन विद्यालयों का हुआ निरीक्षण
संयुक्त निरीक्षण दल ने शासकीय प्राथमिक शाला कैरेन लाइन, रॉबर्ट लाइन, पड़रवारा, टिकरिया, मंगल नगर, छपरवाह, बिलगवां, अमकुही, कुठला, आधारकाप, नदीपार, पहरुआ, एनकेजे सहित शासकीय माध्यमिक शाला खैबर लाइन एवं अन्य विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवनों की संरचनात्मक स्थिति, कक्षाओं की व्यवस्था और विद्यार्थियों के उपयोग की सुविधाओं का आकलन कर आवश्यक कार्यों को सूचीबद्ध किया गया।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। चिन्हित सभी मरम्मत एवं सुधार कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा कर विद्यालयों में बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।

