MP Weather Today: मध्य प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी, 47 डिग्री पहुंचा पारा; अगले चार दिनों तक लू का अलर्ट,कटनी मे पिछले सारे रिकॉर्ड टूटे
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी, 47 डिग्री पहुंचा पारा; अगले चार दिनों तक लू का अलर्ट,कटनी मे पिछले सारे रिकॉर्ड टूटे
कटनी -मध्यप्रदेश में गर्मी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। नौगांव में तापमान 47 डिग्री पहुंच गया, जबकि 22 शहरों में पारा 44 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ। अगले चार दिन तक प्रदेशभर में लू का अलर्ट रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। कटनी मे भी भीषण गर्मी का प्रकोप चालु है प्रशासन ने लोगो से घरों मे सुरक्षित रहने अपील की है बहुत जरुरी काम होने पर ही घरों से निकले l
मध्यप्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की दोहरी मार झेल रहा है। हालात ऐसे हैं कि दिन में सूरज आग बरसा रहा है, वहीं रात में भी गर्म हवाओं से राहत नहीं मिल रही। प्रदेश में पहली बार इस सीजन में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। छतरपुर जिले का नौगांव मंगलवार को सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 47 डिग्री दर्ज किया गया। खजुराहो 46.4 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक प्रदेशभर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में सावधान रहने की आवश्यकता है।
प्रदेश के 22 शहरों में तापमान 44 डिग्री से ऊपर
प्रदेश के 22 शहरों में तापमान 44 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। दतिया में 45.8 डिग्री, राजगढ़ में 45.6 डिग्री, दमोह में 45.5 डिग्री और शाजापुर, टीकमगढ़, गुना व सागर में 45.2 डिग्री तापमान रहा। सतना, मुरैना, शहडोल, रायसेन, रीवा और श्योपुर में भी पारा 45 डिग्री के आसपास बना रहा। मंडला, उमरिया, खरगोन, रतलाम और खंडवा समेत कई जिलों में लोग दिनभर गर्म हवाओं से बेहाल रहे।
भोपाल में इस सीजन का सबसे गर्म दिन
राजधानी भोपाल में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। एयरपोर्ट वेधशाला में तापमान 44.2 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि अरेरा हिल्स मौसम केंद्र पर पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल में पहली बार रात का तापमान 30 डिग्री दर्ज हुआ, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल सकी। इंदौर में 43.7 डिग्री, उज्जैन में 43.8 डिग्री, ग्वालियर में 45 डिग्री और जबलपुर में 44.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। गर्मी का असर अब जनजीवन पर भी साफ दिखने लगा है। भोपाल, इंदौर और शहडोल समेत कई शहरों में दोपहर के समय सड़कें और बाजार लगभग सूने नजर आए। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। उत्तरी मध्यप्रदेश में आज तीव्र लू का खतरा
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, सागर, दमोह, रायसेन और रतलाम समेत कई जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, धार, खरगोन, देवास, विदिशा, नर्मदापुरम और शहडोल समेत कई जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है।राजगढ़, रायसेन, कटनी, उमरिया, डिंडौरी, बालाघाट और छिंदवाड़ा में वॉर्म नाइट यानी रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। इससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
दोपहर में घर से निकलने से बचने की सलाह
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इसी दौरान लू का असर सबसे ज्यादा रहता है। लोगों से पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

