MP Board 10th-12th Exams 2024: स्कूल शिक्षा विभाग ने 10वीं व 12वीं के छात्रों को फेक प्रश्नपत्र के जाल में न फंसने की सलाह दी, जारी किया यह वीडियों
MP Board 10th-12th Exams 2024: स्कूल शिक्षा विभाग ने 10वीं व 12वीं के छात्रों को फेक प्रश्नपत्र के जाल में न फंसने की सलाह दी, जारी किया यह वीडियों

MP Board 10th-12th Exams 2024: स्कूल शिक्षा विभाग ने 10वीं व 12वीं के छात्रों को फेक प्रश्नपत्र के जाल में न फंसने की सलाह दी। माशिमं की 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा पांच फरवरी से आयोजित होगी। वीडियो में दर्शाया गया है कि एक विद्यार्थी इंटरनेट मीडिया पर प्राप्त संदेश के झांसे में आकर 2000 रुपये में प्रश्नपत्र खरीदता है, जो फर्जी निकलता है।
मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू हो रही हैं। इस बार स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रश्नपत्रों को इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित होने से बचाने के लिए कई प्रयास किए हैं। पिछले साल हुए प्रश्नपत्र लीक कांड से सबक लेते हुए माशिमं ने इस बार कई स्तरों पर सख्ती की है। इसके लिए विभाग ने विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए एक वीडियो भी तैयार किया है।
इस वीडियो के माध्यम से 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र बेचने वालों के जाल में न फंसने की सलाह दी जा रही है। वीडियो में स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा है कि पेपर कोई आउट नहीं कर सकता है। भ्रामक जानकारी से दूर रहें।
उन्होंने विद्यार्थियों से परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील करते हुए कहा है कि यह आपको जरूर सफलता दिलाएगी। गौरतलब है कि इस साल दोनों कक्षाओं के 17.50 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।
वीडियो में यह दर्शाया गया
विभाग की तरफ से इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया गया है। दो मिनट 15 सेकंड के इस वीडियो में दर्शाया गया है कि एक विद्यार्थी फर्जी प्रश्नपत्र के चक्कर में पड़ जाता है। वह परीक्षा से एक दिन पहले नोट्स खरीदने के नाम पर अपने पिता से दो हजार रुपये लेता है। इस राशि से वह पेपर खरीद लेता है। अगले दिन परीक्षा के दौरान पता चलता है कि वह फर्जी है। पिता को जानकारी मिलने पर वह उसकी शिकायत सायबर सेल में करते है। पुलिस की मदद से आरोपित को पकड़ लिया जाता है।
परीक्षा पेपर लीक संबंधी भ्रामक जानकारी से रहें सावधान!
यह आपके पैसे और भविष्य दोनों को बर्बाद कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए इस वीडियो को देखिए…@CMMadhyaPradesh @JansamparkMP @udaypratapmp pic.twitter.com/6jYtD0xGWg
— School Education Department, MP (@schooledump) January 31, 2024
गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण प्रारंभ
माशिमं परीक्षा के प्रश्न-पत्र प्रदेश के जिलों में समन्वयक संस्था पहुंचा दिए गए हैं। प्रश्न-पत्रों का समन्वयक संस्था से परीक्षा केंद्र के नजदीकी थानों में पुलिस के साए में गुरुवार को वितरण किया गया। राजधानी भोपाल की समन्वयक संस्था माडल स्कूल टीटी नगर से दो दिन में 103 परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न-पत्र पर गोपनीय सामग्री का वितरण किया गया। पहले दिन गुरुवार को सात रूट व दूसरे दिन शुक्रवार को 10 रूटों से प्रश्न-पत्र परीक्षा केंद्र के नजदीकी थानों में भेजे जा रहे हैं। माडल स्कूल में गुरुवार को केंद्राध्यक्ष व सहायक केंद्राध्यक्षों की गोपनीय सामग्री लेने के लिए भीड़ लगी थी।







