Site icon Yashbharat.com

MP: हिंसा प्रभावित इलाकों में हालत सामान्य, कर्फ्यू में ढील

bharat bandh

ग्‍वालियर। एससी और एसटी कानून को नरम करने वाले सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ सोमवार को आहूत भारत बंद के दौरान मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में भड़की हिंसा के बाद अब हालात सुधरने लगे हैं. यही कारण है कि बुधवार को कर्फ्यू में ढील दी गई.

ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने आईएएनएस को बताया, “ग्वालियर शहर में तीन और डबरा कस्बे में लगे कर्फ्यू में दो घंटे की ढील दी गई. इस दौरान लोगों ने अपनी जरूरत के सामान की खरीदारी की. ग्वालियर में हुई हिंसा में कुल तीन लोग मारे गए हैं. पुलिस ने 500 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर 20 को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया है. ”

चंबल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) संतोष कुमार सिंह ने बताया है कि भिंड व मुरैना के कर्फ्यू ग्रस्त क्षेत्रों में एक घंटे के लिए 10 से 11 बजे तक की ढील दी गई. स्थितियां नियंत्रण में है. 75 लोगों को हिरासत में लिया गया है. कुल 35 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। हालात धीरे-धीरे सामान्य हो चले हैं.

ज्ञात हो कि, भारत बंद के दौरान राज्य के ग्वालियर-चंबल इलाके में ही सबसे ज्यादा हिंसा हुई थी. उसके चलते कर्फ्यू लगाने के हालात बने. इस हिंसा में आठ लोगों की मौत हुई है. इनमें से तीन ग्वालियर, चार भिंड और एक मुरैना से हैं.

Exit mobile version