Site icon Yashbharat.com

MP में ठिठुरन से फ‍िलहाल राहत, चार दिन बाद फिर शुरू हो सकता है ठंड का दौर

04 01 2021 weather news 21236039

भोपाल। जनवरी माह में इस वर्ष तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला बरकरार है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में गुजरात पर बने ऊपरी हवा के चक्रवात और शुक्रवार से उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार से दिन और रात के तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि 25 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ जाने के कारण 26 जनवरी से फिर तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो सकता है। इस वजह से जनवरी के अंतिम सप्ताह में ठंड बढ़ सकती है।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में गुजरात पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। साथ ही हवा का रुख उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। इससे दिन के तापमान में तो बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। शुक्रवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करने वाला है। तीव्र आवृत्ति वाले इस वेदर सिस्टम से पंजाब, हरियाणा क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा हवा के रुख में बदलाव आने से मध्य प्रदेश में भी वातावरण में नमी बढ़ने लगेगी। इससे बादल छाने लगेंगे। इससे शनिवार से रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगेगी। शुक्ला के मुताबिक 25 जनवरी को यह सिस्टम उत्तर भारत से आगे बढ़ जाएगा। इससे एक बार फिर हवा का रुख बदलकर उत्तरी होने की संभावना है। सर्द हवाएं चलने के कारण 26 जनवरी से वातावरण में सिहरन बढ़ने लगेगी। इससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज होने लगेगी। हालांकि अब शीतलहर चलने के आसार कम ही हैं।

Exit mobile version