बालाघाट में मानसून ने पकड़ी रफ्तार: दोपहर बाद झमाझम बारिश से किसानों को मिली ‘संजीवनी’, उमस गायब, 4 डिग्री गिरा पारा

बालाघाट में आफत की गर्मी से मिली राहत, झमाझम बारिश से खिले किसानों के चेहरे; कृषि वैज्ञानिकों ने कहा- अब पकड़ेगा रफ्तार

बालाघाट में मानसून ने पकड़ी रफ्तार: दोपहर बाद झमाझम बारिश से किसानों को मिली ‘संजीवनी’, उमस गायब, 4 डिग्री गिरा पारा

बालाघाट। जिले में गत 18 जून को मानसून की दस्तक के बाद से सूखी और अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे जिलेवासियों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। सोमवार को हुई हल्की बौछारों के बाद मंगलवार को भी जिले में झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। सुबह से ही आसमान में डेरा जमाए काले बादलों ने दोपहर 12 बजे के बाद बरसना शुरू किया। दोपहर 1 बजे के बाद करीब एक घंटे तक शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मूसलाधार बारिश हुई, जिससे पूरा जिला तरबतर हो गया। तेज बारिश के बाद भी काफी देर तक रिमझिम फुहारों का सिलसिला चलता रहा।

इस मानसूनी बारिश से जहां आम जनता को उमस भरी चुभती गर्मी से निजात मिली है, वहीं खरीफ की मुख्य फसल धान की बोनी की तैयारी कर रहे अन्नदाताओं के चेहरे भी खुशी से खिल उठे हैं।

 धान की बोवाई के लिए ‘संजीवनी’ बनी यह मानसूनी फुहार

यह वर्षा केवल जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि विभिन्न तहसीलों और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी दर्ज की गई है। खेतों में धान की बोवाई के लिए कड़क धूप और सूखे से परेशान किसानों के लिए यह बारिश किसी ‘संजीवनी’ से कम नहीं है। कृषि जानकारों का मानना है कि इस बारिश के बाद अब ग्रामीण अंचलों में कृषि कार्यों में तेजी आएगी और किसान पूरे उत्साह के साथ खेतों का रुख करेंगे।

तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट, उमस हुई गायब

पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी के कारण लोग हलाकान थे। मंगलवार को देर तक हुई इस झमाझम बारिश के चलते जिले के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम में अचानक घुली इस ठंडक ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया है और लोगों को चिपचिपी गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

 आगामी दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान:

कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा मंगलवार को जारी किए गए मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार, आने वाले दिनों में बालाघाट जिले पर मानसून पूरी तरह मेहरबान रहने वाला है।

कृषि वैज्ञानिक धर्मेंद्र अगासे ने बताया कि जिले में मानसून अब अपनी पूरी रफ्तार पकड़ेगा। वायुमंडल में बने सिस्टम के कारण आने वाले दिनों में भी जिले के अधिकांश हिस्सों में अच्छी और लगातार बारिश देखने को मिलेगी, जो खेती-किसानी के लिहाज से बेहद फायदेमंद साबित होगी।

Exit mobile version