मॉब लिंच: लसूड़िया टेंट गोदाम में युवक पर टूटा पिटाई का तांडव-बच्ची के साथ संदिग्ध स्थिति में पाया गया
इंदौर। मॉब लिंच: लसूड़िया टेंट गोदाम में युवक पर टूटा पिटाई का तांडव-बच्ची के साथ संदिग्ध स्थिति में पाया गया।इंदौर के चंदननगर थाना क्षेत्र में माॅब लिचिंग की घटना सामने आई है। भीड़ ने एक बच्ची के अपहरण के आरोपित को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। 13 वर्षीय बच्ची को ढूंढ रही भीड़ ने आरोपित को टेंट गोदाम में आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ लिया था। पुलिस ने केस दर्ज किया है।
घटना सिरपुर क्षेत्र के राम बलराम नगर की है। मृतक का नाम विष्णु दीनू यादव निवासी तलैया मथनी (नर्मदापुरम) है।
यह है पूरा घटनाक्रम
27 वर्षीय विष्णु सिरपुर क्षेत्र में सांवरिया टेंट हाउस पर काम करता था। बताया जाता है कि बुधवार तड़के रहवासियों ने 13 वर्षीय बच्ची के साथ टेंट हाउस के गोदाम में पकड़ा और डंडों से पिटाई कर दी। उस पर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया और पिटाई करते हुए लोग थाने ले गए। विष्णु की हालत देख पुलिस ने गिरफ्तारी से इन्कार कर दिया। टेंट हाउस संचालक शाश्वत उसे गंभीर अवस्था में एमवाय अस्पताल ले गया। छत से गिरने का बोलकर भर्ती करवा दिया। दोपहर बाद डाॅक्टर ने विष्णु को उपचार कर घर भेज दिया। शाम को उसकी घर पर मौत हो गई। टीआई इंद्रमणि पटेल के मुताबिक विष्णु के शरीर पर चोट के निशान थे। अंदरूनी चोट भी लगी है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रात को बच्ची ने कथन बदले और दुष्कर्म का लगाया आरोप
सिरपुर क्षेत्र में रहने वाली बच्ची मंगलवार रात करीब 11 बजे गायब हुई थी। बीती रात सवा 12 बजे स्वजन थाने पहुंचे और अपहरण की शिकायत की। बच्ची की मां ने विष्णु के मोबाइल नंबर भी लिखवाए। फोन बंद आने पर पुलिस ने उसके मोबाइल की लोकेशन निकाली और तलाश शुरू की। तड़के करीब चार बजे बच्ची के स्वजन ने गोदाम में आरोपित को पकड़ लिया। पिटाई के बाद बच्ची के स्वजन भी गायब हो गए। बुधवार रात थाने पहुंचे और बच्ची के कथन दर्ज करवाए। बच्ची ने कहा कि वह पुस्तक लेकर लौट रही थी। विष्णु जबरदस्ती खींचकर ले गया और कहा भाग चलते हैं। रात को बच्ची ने कथन बदले और दुष्कर्म का आरोप लगाया। पुलिस ने देर रात दुष्कर्म की धारा भी बढ़ा दी।
![]()

