भोपाल में 24 मीटर नीचे दौड़ेगी मेट्रो, नादरा बनेगा सबसे आधुनिक स्टेशन

भोपाल में 24 मीटर नीचे दौड़ेगी मेट्रो, नादरा बनेगा सबसे आधुनिक स्टेशन

भोपाल में 24 मीटर नीचे दौड़ेगी मेट्रो, नादरा बनेगा सबसे आधुनिक स्टेशन, भोपाल में मेट्रो परियोजना का दूसरा चरण अब नई रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। इस चरण में पहली बार मेट्रो जमीन के नीचे दौड़ेगी, जिसके लिए टनल निर्माण और भूमिगत स्टेशनों का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

परियोजना के तहत करीब 3.9 किलोमीटर लंबी दोहरी सुरंग बनाई जा रही है, जिसमें दो प्रमुख अंडरग्राउंड स्टेशन विकसित होंगे—भोपाल रेलवे मेट्रो स्टेशन और नादरा बस स्टैंड मेट्रो स्टेशन। इनमें से नादरा स्टेशन को सबसे खास और आधुनिक डिजाइन के साथ तैयार किया जा रहा है।

नादरा मेट्रो स्टेशन को तीन स्तरों में विकसित किया जा रहा है। इसका ऊपरी हिस्सा (स्ट्रीट लेवल) सीधे सड़क और बस स्टैंड से जुड़ा होगा, जहां यात्रियों के लिए एंट्री-एग्जिट, लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा रहेगी। इसके नीचे कॉनकोर्स लेवल होगा, जहां टिकट काउंटर, सुरक्षा जांच और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

स्टेशन का सबसे निचला हिस्सा प्लेटफॉर्म लेवल होगा, जो जमीन से करीब 24 मीटर नीचे स्थित रहेगा। यहीं से मेट्रो ट्रेनें संचालित होंगी। इस लेवल पर दो समानांतर टनल बनाई जा रही हैं, जो नादरा को भोपाल रेलवे स्टेशन से जोड़ेंगी।

इस स्टेशन की खास बात यह है कि इसे बस स्टैंड और मेट्रो के बीच आसान इंटरचेंज को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। यात्री बस से उतरकर बिना ज्यादा दूरी तय किए सीधे मेट्रो तक पहुंच सकेंगे।

मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, भीड़भाड़ वाले इस इलाके में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है।

भोपाल मेट्रो का यह अंडरग्राउंड कॉरिडोर शहर के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा।

Exit mobile version