गुरूजी से प्राथमिक शिक्षक बने शिक्षकों की प्रथम क्रमोन्नति में वरिष्ठता का गलत निर्धारण जिला शिक्षा अधिकारी को दिया ज्ञापन
गुरूजी से प्राथमिक शिक्षक बने शिक्षकों की प्रथम क्रमोन्नति में वरिष्ठता का गलत निर्धारण जिला शिक्षा अधिकारी को दिया ज्ञाप
कटनी -गुरूजी संवर्ग में नियुक्त होकर संविदा शाला शिक्षक वर्ग 03, सहायक अध्यापक होते हुए वर्तमान में प्राथमिक शिक्षक बने शिक्षकों की प्रथम क्रमोन्नति के प्रकरण में वरिष्ठता का सही निर्धारण कटनी जिले में नहीं किया जा रहा है।
उक्त समस्या को लेकर शासकीय शिक्षक संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने जिला शिक्षाधिकारी कटनी पी पी सिंह से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की।
शासकीय शिक्षक संगठन के प्रांताध्यक्ष राकेश दुबे, मनीष सिंह, देवेंद्र तिवारी, रजनीश तिवारी, सुरेश पाठक का तर्क है कि उक्त गुरुजी शिक्षकों के नियुक्ति आदेश जो जनपद पंचायत द्वारा जारी किए गए थे, उनमें स्पष्ट उल्लेख है कि संबंधित शिक्षक की वरिष्ठता की गणना उनके सेवा पात्रता उत्तीर्ण करने के दिनांक से मान्य होगी, परन्तु जिले में इसका पालन नहीं किया जा रहा है अर्थात जिन गुरूजी शिक्षकों ने 17/09/2008 में सेवा पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण की है, उनकी वरिष्ठता की गणना उक्त दिनांक से करते हुए ही क्रमोन्नति का लाभ दिया जाना चाहिए । यही स्थिति 22/10/2011 में सेवा पात्रता उत्तीर्ण करने वाले गुरूजी शिक्षकों के साथ होनी चाहिए ।
चर्चा के दौरान संगठन नेतृत्व ने अपेक्षा की है कि उक्तानुसार संशोधित क्रमोन्नति आदेश जारी कर संबंधितों को न्याय प्रदान किया जाए एवं कटनी जिले में शेष रह गए पात्र प्राथमिक शिक्षकों के समस्त लंबित क्रमोन्नति आदेश भी 18 दिसंबर 2024 अर्थात विधानसभा के तारांकित प्रश्न के उत्तर देने का दिनांक तक जारी किये जावें।
प्रांताध्यक्ष राकेश दुबे ने विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक पूर्वमंत्री मध्य प्रदेश शासन को उनके द्वारा संवर्ग हितैषी तारांकित प्रश्न विधान सभा में उठाने पर आभार व्यक्त करते हुए गुरुजी संवर्ग की वरिष्ठता के मामले में भी दखल देकर संचालक लोकशिक्षण से चर्चा हेतु आग्रह किया है।

