शहर की जल निकासी व्यवस्था पर महापौर का सख्त रुख, बस स्टैंड व शिवाजी नगर नालों का किया निरीक्षण,अव्यवस्थित निर्माण, अतिक्रमण व सफाई व्यवस्था में सुधार के दिए निर्देश
कटनी — शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी, एमआईसी सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बस स्टैंड एवं शिवाजी नगर स्थित नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान नालों की स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति एवं सफाई व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया।
बस स्टैंड स्थित नाले के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नाले का निर्माण कार्य अधूरा किया गया था तथा नियमित सफाई नहीं होने और अतिक्रमण के चलते पानी का बहाव बाधित हो रहा है। इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल नाले के ऊपर से अतिक्रमण हटाने, सफाई कार्य शीघ्र पूर्ण कराने एवं जल निकासी को सुचारु करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात महापौर श्रीमती सूरी ने शिवाजी नगर स्थित नाले का निरीक्षण किया, जहां क्षेत्रीय नागरिकों ने अवगत कराया कि नाले में असमान (अप-डाउन) निर्माण के कारण पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है। महापौर ने इस पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को 3 दिवस के भीतर जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

