निर्माण कार्यों में लापरवाही पर महापौर सख्त,मसुरहा वार्ड में निर्माणाधीन नाली का निरीक्षण, बिना मजबूत आधार के बनाई जा रही थी नाली, महापौर ने दिए जांच के निर्देश
निर्माण कार्यों में लापरवाही पर महापौर सख्त,मसुरहा वार्ड में निर्माणाधीन नाली का निरीक्षण, बिना मजबूत आधार के बनाई जा रही थी नाली, महापौर ने दिए जांच के निर्दे
कटनी – नगर निगम क्षेत्र के मसुरहा वार्ड में निर्माणाधीन नाली निर्माण कार्य का शुक्रवार को महापौर प्रीति संजीव सूरी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में लापरवाही सामने आने पर महापौर श्रीमती सूरी ने संबंधित ठेकेदार को कड़ी नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने स्थानीय नागरिकों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति को लेकर फीडबैक लिया। नागरिकों द्वारा शिकायत की गई कि नाली निर्माण कार्य बिना मजबूत आधार (बेस) के ही कराया जा रहा है। शिकायत सुनते ही महापौर ने मौके पर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया, जिसमें कई स्थानों पर तकनीकी मानकों की अनदेखी दिखाई दी।
इस पर महापौर श्रीमती सूरी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। महापौर ने स्पष्ट रूप से नाराजगी जताते हुए कहा कि टाइम कीपर कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं रहते हैं, ऐसे में निर्माण कार्यों की सही मॉनिटरिंग कैसे होगी। जिम्मेदार अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण करें और गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
महापौर श्रीमती सूरी ने निर्देशित किया कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों के हितों से जुड़े विकास कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ होना चाहिए, ताकि आमजन को स्थायी और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद अज्जू सोनी, कमलेश चौधरी सहित उपयंत्री पवन श्रीवास्तव एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

