सूर्योदय बैंक में धोखाधड़ी का मास्टर माइंड गिरफ्तार

सूर्योदय बैंक में धोखाधड़ी का मास्टर माइंड गिरफ्तार

कटनी। सूर्योदय बैंक में खाते खोलकर लोगों के साथ 4 करोड़ रूपए की धोखाधड़ी करने के मास्टर माइंड शाहनगर निवासी योगेन्द्र यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के द्धारा अब तक इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

गौरतलब है कि सूर्योदय बैंक की शाखा प्रबंधक राजीव गांधी वार्ड निवासी अंकिता गुप्ता के द्धारा एक लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक को देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में शाखा प्रबंधक अंकिता गुप्ता ने माधवनगर थाना अंतर्गत ग्राम गैतरा निवासी विवेक पटेल पिता राकेश पटेल, पड़ोसी जिला पन्ना के शाहनगर निवासी दुर्गेश यादव पर बैंक में अन्य लोगों के खाता खोलकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था।

पुलिस ने शाखा प्रबंधक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी विवेक पटेल व दुर्गेश यादव सहित अन्य लोगों के विरूद्ध धारा 420, 34 का मामला दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया तो इस पूरे मामले में कई लोग शामिल मिले और पूरे मामले का मास्टर माइंड शाहनगर निवासी योगेन्द्र यादव निकला। योगेन्द्र पुलिस के द्धारा मामला दर्ज करने के बाद से ही फरार था। जिसे पुलिस ने गतदिवस मुखबिरों की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक योगेन्द्र यादव ही पूरे मामले का मास्टर माइंड है। उल्लेखनीय है कि सूर्योदय बैंक में लगभग डेढ़ दर्जन खाते खोलकर लगभग 4 करोड़ रूपए की धोखाधड़ी की गई है। इस मामले में अब योगेन्द्र यादव सहित 11 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकि है।

Exit mobile version