तुर्की के स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट: 16 की मौत, 13 घायल; राष्ट्रपति एर्दोगन ने दिए जांच के आदेश
इस्तांबुल/इजमिर: पश्चिमी तुर्की के इजमिर प्रांत स्थित अलीआगा में एक स्टील प्लांट में सोमवार को भीषण विस्फोट और आग लगने की घटना में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए।
कैबिनेट बैठक के बाद तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन ने देश को संबोधित करते हुए घटना पर गहरा दुख जताया और लापरवाही की न्यायिक व प्रशासनिक जांच के आदेश दिए।
इजमिर प्रांत के गवर्नर सुलेमान एल्बान के अनुसार, यह हादसा अलीआगा स्थित हाबास (HABAŞ) स्टील प्लांट में बॉयलर बदलने के दौरान हुआ। मेंटेनेंस काम के दौरान एक क्रेन भट्ठी (Furnace) में गिर गई, जिससे वहां जोरदार धमाका हो गया और भीषण आग लग गई।
हादसे के समय बॉयलर बदलने के चलते प्लांट में उत्पादन बंद था, जिससे मौके पर 300 के बजाय लगभग 200 कर्मचारी मौजूद थे। चश्मदीदों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि आसपास की धरती भूकंप की तरह कांप उठी।
राष्ट्रपति एर्दोगन ने स्पष्ट किया कि मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों, सुरक्षा में कमियों और किसकी लापरवाही रही, इसका पता लगाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

