अवैध वसूली, धोखाधड़ी व गाली गलौज से मंडी के व्यापारी परेशान, मंडी सचिव को पत्र लिखकर की सख्त कार्रवाई की मांग

कटनी(YASHBHARAT.COM)। कृषि उपज मंडी समिति अंतर्गत फल-सब्जी मंडी प्रांगण में व्यापारियों ने अवैध वसूली, धोखाधड़ी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियों का आरोप लगाते हुए मंडी प्रशासन से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। व्यापारी संघ के अनुसार मंडी सचिव को 22 जून 2026 को दोबारा शिकायत सौंपकर संबंधित व्यक्ति की अनुज्ञप्ति तत्काल निरस्त करने और निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया गया है। अगर अब शिकायत पर जल्द कार्यवाही नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी भी व्यापारियों ने मंडी प्रशासन को दी है। व्यापारियों का आरोप है कि शासकीय शेड में स्थान दिलाने के नाम पर लगभग 20 व्यापारियों से 10-10 हजार रुपये अवैध रूप से लिए गए लेकिन न तो जगह दी गई और न ही रकम लौटाई गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि रकम वापस मांगने पर व्यापारियों को गालियां दी गईं और उन्हें एससी/एसटी प्रकरण में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत पत्र में कृष्णहरि खटीक उर्फ सोनू खटीक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। व्यापारियों ने दावा किया है कि आरोपी खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताकर दबाव बनाता है और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देता है, जिससे मंडी का माहौल भयग्रस्त हो गया है। व्यापारी संघ ने पुराने आपराधिक प्रकरण का भी उल्लेख किया है। जिसके अनुसार 12 अक्टूबर 2023 को मंडी प्रांगण में सब्जी व्यापारी रंजीत कछवाहा के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिसकी रिपोर्ट थाना कुठला में अपराध क्रमांक 841/2023 के तहत धारा 294, 323, 325, 506, 34 में दर्ज है। मंडी कानून के तहत अनुज्ञप्ति रद्द करने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और मंडी प्रांगण में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई का प्रावधान मौजूद है। राज्य मंडी बोर्ड द्वारा 27 अप्रैल 2026 तक अद्यतन मंडी अधिनियम और संबंधित उपविधियां सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराई गई हैं।

Exit mobile version