Site icon Yashbharat.com

मनेंद्रगढ़ केल्हारी बस हादसा: पेड़ से टकराकर चकनाचूर हुई यात्री बस, 6 लोगों की दर्दनाक मौत, 25 गंभीर घायल, महिलाओं और बच्चों में मची चीख-पुकार

korea news 2026 10 afaa5191a1de6b5e6242e4c8f41216f8 1200x675 1

मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़ केल्हारी बस हादसा में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस सेमरमथानी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 46 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर बाद हुआ। बस में कुल 46 यात्री सवार थे। सेमरमथानी मोड़ के पास चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद बस सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

 छह लोगों की मौत, घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल

जिले की एसपी रत्ना सिंह के अनुसार, इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हुई है, जिनमें चार महिलाएं शामिल हैं। हादसे में चालक सहित करीब 25 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य 20 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में सहायता की। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 मनेंद्रगढ़ अस्पताल में 32 घायलों का इलाज जारी

मनेंद्रगढ़ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने बताया कि हादसे में घायल 32 लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है।

इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। हादसे में छह लोगों की जान जाने से कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Exit mobile version