Site icon Yashbharat.com

कटनी की मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा में डकैती की वारदात से जोड़कर हो रही सिहोरा के खितौला की इसाफ बैंक डकैती की जांच, मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा की डकैती में शामिल रहे आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही जबलपुर पुलिस

Screenshot 20250812 140222 WhatsApp

कटनी/जबलपुर(YASHBHARAT.COM)। कटनी की मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा की तरह जबलपुर जिले के सिहोरा थाना अंतर्गत खितौला के इसाफ बैंक में भी दिनदहाड़े गोल्ड व नगदी की डकैती हुई है। कटनी की ही तरह बदमाश पहले से घात लगाए बैठे रहे और जैसे ही 11 अगस्त 2025 सोमवार की सुबह बैंक खुला वैसे ही दो बाइक में सवार होकर आए पांच बदमाश अंदर दाखिल हुए और कट्टे की नोक पर बैंक के स्ट्रांग रूम से लगभग 12 किलो सोना और 5 लाख रूपए लेकर फिल्मी स्टाइल में कट्टा लहराते हुए चंपत हो गए। इसलिए जबलपुर पुलिस भी सिहोरा की घटना को कटनी की घटना से जोड़कर देख रही है और कटनी की वारदात में शामिल रहे आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्रित कर रही है कि वो वर्तमान में जेल में हैं या जेल से बाहर हैं। गौरतलब है कि 26 नवंबर 2022 की सुबह नकाबपोश बंदूकधारी बदमाश बरगवां स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन में घुसे और आठ करोड़ कीमत का 16 किलो सोना सहित तीन लाख की नगदी लेकर फरार हो गए थे। घटना के करीब एक घंटे बाद पुलिस मुस्तैद हुई। तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रहे सुनील कुमार जैन ने एक माह के अंदर ही डकैती में उपयोग हुई बाइक, बंदूक, कुछ नगदी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया लेकिन उनके पास से भी सोना नहीं मिल सका था। पुलिस लगातार प्रयास करती रही लेकिन उनके हाथ सिर्फ डकैती में शामिल आरोपी और अन्य सामान लगे लेकिन सोना और मुख्यारोपी उनसे दूर रहा। हालांकि पुलिस को पूरी गैंग की जानकारी तब लगी जब बिहार के बक्सर जिले से मिथेलश पाल गिरफ्तार हुआ। मणप्पुरम गोल्ड लोन डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले 6 मुख्य आरोपी में से एक मिथलेश पाल भी था जो कटनी में धर्मेंद्र नाम की आईडी के नाम से रह रहा था। पुलिस के मुताबिक ये वही आरोपी है जो पुलिस को गुमराह करने के लिए डकैती में लूटी बाइक को अमदरा टोल नाके के पास छोड़कर भाग निकला था। हालांकि पुलिस को आरोपी के पास से कोई सोना या नगद तो नहीं मिला लेकिन पूछताछ में आरोपी ने कई बड़े खुलासे करते हुए बताया है की ये सभी बेऊर जेल में बंद सुबोध सिंह के कहने पर काम करते हैं जिसे डकैती में शामिल अन्य लोगों से कोई मतलब नहीं होता। ये सभी एक चैन की कड़ी के तरह काम करते हैं जिनका काम अलग-अलग होता है। आरोपी मिथलेश ने खुलासा किया था कि डकैती से पहले आरोपियों ने सात लाख का इन्वेस्ट किया था। जिसमें कार, बाइक, कुटराचित दस्तावेज बनाने से लेकर रहने खाने पीने की व्यवस्था शामिल रही। डकैती को अंजाम देने के लिए 6 लोगों की टीम रही तो उसे बक्सर तक पहुंचने का काम दूसरी टीम ने किया था। इसके लिए आरोपियों ने भोपाल से हुंडई वरना कार खरीद कर कटनी पहुंचे और पहली टीम से सोना लेकर डिंडोरी, पेंड्रा होते हुए पटना बिहार सोना पहुंचाया। ये कार चालक सुबोध सिंह की चैन का दूसरा हिस्सा है ऐसे कई लोग है जो सुबोध सिंह के लिए काम करते हैं, जिनमे से कुछ को रिस्क के हिसाब से कमीशन मिलता है तो किसी को सीधी पेमेंट दी जाती और बड़ी बात ये है पेमेंट भी कई लाखों में होती है।

मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा की डकैती में ये आरोपी रहे शामिल

कटनी की मणप्पुरम गोल्ड लोन डकैती मामले पुलिस ने 6 लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। जिसमें अंकुश साहू बिहार बक्सर, शाहबाज सिद्दीकी बक्सर, मिथेलश कुमार पाल बक्सर, शुभम तिवारी बिहार पटना, गोलू कुमार यादव पटना वहीं अंतिम विकास गुप्ता उर्फ अमित उर्फ विक्कू बिहार नालंदा निवासी शामिल रहे। जिन पर धारा 395 के तहत एफआईआर दर्ज हुई थी तो वहीं 5 अन्य लोगों को आरोपी बनाया है। इनमे मुख्यारोपी सुबोध सिंह, दिलीप यादव, अनुज कुमार शाह उर्फ आकाश, अखिलेश उर्फ जॉन राइट, अर्जुन उर्फ पीयूष जायसवाल शामिल है। इस वारदात में शामिल छठा आरोपी विकास उर्फ अमित भी गिरफ्तार कर लिया गया था। विकास का काम रेकी करना था। जिसके बताई गई स्थितियों के अनुसार ही 6 लोगों ने डकैती की घटना को अंजाम देने पहुंचे थे। कटनी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर डकैती में उपयोग ही दो बाइक, एक लूट में गई बाइक, कट्टा जिंदा कारतूस, 2 लोगों से मोबाइल 10-10 हजार की नगदी बरामद किया था।

कटनी की डकैती का मास्टर माइंड रहा सुबोध सिंह

जब कटनी में वारदात हुई थी उस समय सुबोध सिंह के मास्टर माइंड होने की बात सामने आई थी। उस समय पुलिस ने बताया था कि सुबोध सिंह 300 किलो से ज्यादा सोना डकैती में लूट का आरोपी है जो बिहार के बेऊर जेल बंद रहकर वहां से अपनी गैंग के माध्यम से बड़ी-बड़ी लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देता है। सुबोध सिंह के पास 200 से ज्यादा लोगो की गैंग है जो उसके एक इशारे में कहीं भी कुछ भी कर सकते हैं। जानकर बताते हैं देश में अब तक का लूटा गया सोने के हिस्सा का 70 प्रतिशत तो सुबोध सिंह की गैंग ने अंजाम दिया है जो मध्यप्रदेश, राजस्थान, झारखंड, चेन्नई, उड़ीसा, उत्तरप्रदेश, बिहार सहित अन्य राज्य जाकर इस तरह की वारदात करते हैं। उन्हीं में से एक कटनी की मणप्पुरम गोल्ड लोन डकैती रही जिसे 26 नवंबर 2022 को उनकी गैंग के लोगों ने किया था। कटनी की वारदात में बड़ी बात ये रही कि पुलिस के पास अधिकांश जानकारी होने के बाद भी कटनी पुलिस को न तो सोना जप्त करने में सफलता मिली और न ही सुबोध सिंह को गिरफ्तार करने में ही सफलता मिली।

 

Exit mobile version