Site icon Yashbharat.com

MP के CM मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक, हेलीपैड पर ड्रोन मंडराते ही पायलट ने टेकऑफ से किया मना

Screenshot 20260713 091617 Chrome

MP के CM मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक, हेलीपैड पर ड्रोन मंडराते ही पायलट ने टेकऑफ से किया मना

भिंड। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रविवार को भिंड दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। प्रसिद्ध दंदरौआ धाम में हनुमान मंदिर के दर्शन के बाद जब मुख्यमंत्री ग्वालियर रवाना होने के लिए हेलीपैड पहुंचे, तब वहां एक अज्ञात ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। ड्रोन मंडराता देख सुरक्षा के लिहाज से पायलट ने हेलीकॉप्टर का टेकऑफ रोक दिया, जिसके चलते मुख्यमंत्री को करीब 10 मिनट तक हेलीकॉप्टर के अंदर ही इंतजार करना पड़ा।

हेलीकॉप्टर में सवार हो चुके थे वीआईपी

मेहगांव विधानसभा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध दंदरौआ हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलीपैड पहुंचे थे। उनके साथ हेलीकॉप्टर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला तथा भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया भी अपनी सीटों पर सवार हो चुके थे। हेलीकॉप्टर उड़ान भरने ही वाला था कि अचानक हेलीपैड के ठीक ऊपर आसमान में एक ड्रोन मंडराता हुआ नजर आया।

पायलट ने सुरक्षा कारणों से उड़ान भरने से किया मना

हेलीपैड के अति-सुरक्षित नो-फ्लाई जोन में ड्रोन को देखते ही हेलीकॉप्टर के पायलट ने अलर्ट जारी कर दिया। पायलट ने सुरक्षा को गंभीर खतरा बताते हुए तत्काल टेकऑफ करने से साफ इनकार कर दिया। जब तक आसमान से ड्रोन का खतरा टल नहीं गया, तब तक मुख्यमंत्री और उनके साथ मौजूद मंत्रियों को लगभग 10 मिनट तक हेलीकॉप्टर के भीतर ही बैठे रहना पड़ा।

सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप

मुख्यमंत्री के काफिले के ऊपर इस तरह ड्रोन उड़ने की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस बल सक्रिय हुआ और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत ड्रोन और उसे उड़ाने वाले ऑपरेटर की तलाश शुरू कर दी।

यह मामला बेहद गंभीर माना जा रहा है क्योंकि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के तहत वीआईपी मूवमेंट्स के दौरान हेलीपैड के आसपास का पूरा इलाका प्रतिबंधित होता है। ऐसे में सुरक्षा घेरे को तोड़कर हेलीपैड के ऊपर ड्रोन का आना स्थानीय पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह ड्रोन किसी स्थानीय नागरिक द्वारा कौतूहलवश उड़ाया जा रहा था या इसके पीछे कोई और वजह थी।

Exit mobile version