खाटू श्याम बाबा के भजनों से गूंजेगा माधवनगर, 21 नवंबर को निकलेगी भव्य निशान यात्रा, एक शाम खाटूवाले के नाम’ भव्य धार्मिक आयोजन में सजेगी दिव्य भजन संध्य
कटनी। माधवनगर में श्री खाटू श्याम बाबा के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 21 नवंबर 2026, शनिवार को ‘एक शाम खाटूवाले के नाम’ भव्य धार्मिक एवं भक्तिमय आयोजन किया जाएगा। भक्ति, प्रेम और समर्पण से परिपूर्ण इस आयोजन में भव्य निशान यात्रा के साथ दिव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं एवं श्याम भक्तों को सपरिवार शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
कार्यक्रम के तहत शाम 7 बजे भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा मां आदिशक्ति मंदिर, समदड़िया सिटी से प्रारंभ होकर दुर्गा माता मंदिर, सनातनी पंजाबी धर्मशाला तक पहुंचेगी। निशान यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। वहीं रात्रि 8 बजे से दिव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें झरिया, धनबाद के प्रसिद्ध भजन प्रवाहक कृष्णा अग्रवाल के साथ राजेश ग्रोवर एवं संजय नाकरा भजनों की प्रस्तुति देंगे। इस दौरान श्याम प्रभु के भजनों से वातावरण भक्तिमय होगा। आयोजन में विशेष रूप से मां शारदा शक्ति पीठ मैहर के पुजारी नितिन बमबम महाराज जी, निज मंदिर खाटू श्याम जी के पुजारी इंद्र सिंह चौहान जी एवं विंध्यवासिनी विंध्याचल धाम के प्रधान पुजारी श्री पं. शिवा गोस्वामी का आगमन भी होगा। भजन संध्या के साथ श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं श्याम रसोई की व्यवस्था भी की गई है। कार्यक्रम का आयोजन दुर्गा माता मंदिर, सनातनी पंजाबी धर्मशाला, ग्राम पंचायत के पास, माधवनगर, कटनी में किया जाएगा। आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि वे अपने परिवार एवं इष्ट मित्रों के साथ पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाएं और भक्ति एवं भजनों की इस अनुपम शाम का आनंद लें।

