क्रिकेट सटोरियों को पकड़ कर गोवा से कटनी लाई माधवनगर पुलिस,जयपाल, पिंका, बंटी, सुनील गिरफ्तार, पूछताछ में हो सकते हैं कई अहम खुलासे
क्रिकेट सटोरियों को पकड़ कर गोवा से कटनी लाई माधवनगर पुलिस,जयपाल, पिंका, बंटी, सुनील गिरफ्तार, पूछताछ में हो सकते हैं कई अहम खुलास
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के दिशा निर्देश पर क्रिकेट सटोरियों के विरूद्ध चलाए जा रहे क्लीन लिफ्ट ऑपरेशन के तहत माधवनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया व नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे व उनकी टीम ने माधवनगर में सक्रिय कुछ नामी सटोरियों को गोवा से गिरफ्तार कर कटनी ले आई है। माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे के मुताबिक माधवनगर में सक्रिय क्रिकेट सट्टा कारोबारी जयपाल और उसकी गैंग के बंटी, पिंका आडवानी, सुनील को गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है की ये सटोरिए कटनी के आलावा कल्याण, जयपुर, गोवा मे भी ब्रांच बनाकर ऑनलाइन सट्टा बाजार का काम करके करोड़ों के बारे न्यारे कर रहे थे।
मैदानी अमले व क्रिकेट सटोरियों में गहरी जुगलबंदी
क्रिकेट सट्टे पर प्रभावी अंकुश लगाने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्धारा दिए गए दिशा-निर्देश के बाद मैदानी अमला प्रयास तो कर रहा है लेकिन उसके प्रयास केवल और केवल क्रिकेट सट्टे से जुड़े बुकियों को पकडऩे तक सीमित हैं जबकि इस खेल के शातिर खिलाड़ी अभी भी पुलिस की पहुंच पकड़ से कोसो दूर हैं। क्रिकेट सट्टे के शातिर खिलाड़ी पुलिस की आंखों में धूल झोंककर पुलिस प्रूफ और साउंड प्रूफ भवनों में बैठकर बड़े ही आराम से क्रिकेट का सट्टा संचालित कर रहे हैं। इन बड़े सटोरियों को संत महात्मा, राजनेता सहित पुलिस के ही कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों का संरक्षण है। जिसके कारण चाह कर भी पुलिस के हाथ इनके गिरेबान तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। वैसे भी देश भर में डूप्लीकेट सामान बनाने व ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के लिए बदनाम हो चुके उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर में क्रिकेट सट्टे का संचालन दो अलग-अलग गुट कर रहे हैं। जिसमें से एक गुट का राजनैतिक संरक्षण प्राप्त है। राजनैतिक संरक्षण प्राप्त गुट ही कुछ सोशल मीडिया कर्मियों को पैसे देकर दूसरे गुट की क्रिकेट सट्टे की खबरें चलवाकर दबाव बना रहा है और पुलिस कप्तान अभिनय विश्वकर्मा भी सोशल मीडिया की खबरों को संज्ञान में लेकर सटोरियों के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन लिफ्ट शुरू करवा दिया है। पुलिस के क्लीन लिफ्ट ऑपरेशन के तहत पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक सटोरियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है लेकिन पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी क्रिकेट सट्टे के मास्टर माइंड नहीं है बल्कि वो केवल बुकी हैं जो अपने बास के इशारे पर बुकिंग लेते हैं। इसलिए पुलिस कप्तान श्री विश्वकर्मा को चाहिए कि वो अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय करके थानों में पदस्थ स्टाफ की बजाय पुलिस लाइन की टीम बनाकर कार्रवाई करवाए क्योंकि थानों में वर्षों से पदस्थ अधिकांश पुलिस कर्मियों के क्रिकेट सटोरियों से मधुर संबंध हैं तथा वो अपने गोपनीय मोबाइल नंबरों से पुलिस की पूरी गोपनीय जानकारी उन तक पहुंचाते रहते हैं और इसी बात का उनको मोटा मेहनताना भी मिलता है।
इनकी भी हुई गिरफ्तारी
कटनी पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन श्क्लीन लिफ्टश् के तहत ऑनलाइन सट्टा व्यापार में लिप्त 9 आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। जिनमें से कोतवाली पुलिस ने नई बस्ती कटनी निवासी 34 वर्षीय पंकज उर्फ हेमन्त पिता त्रिलोकी चंद्र खटीक, संत नगर निवासी 40 वर्षीय विक्की पुरुषवानी पिता दिलीप कुमार पुरुषवानी, पुरानी बस्ती कटनी निवासी आजाद अहमद पिता सत्तार खान, ईश्वरी पुरा वार्ड कटनी निवासी साजिद अली, जगमोहन दास वार्ड कटनी निवासी 35 वर्षीय राम निषाद पिता रविशंकर निषाद, माधवनगर निवासी विजय मूलचंदानी पिता मोहनलाल मूलचंदानी को गिरफ्तार किया गया है। जबकि माधवनगर पुलिस ने कैरिन लाइन निवासी 42 वर्षीय संजय सोमवानी पिता लद्दा राम, एडीएम लाइन माधवनगर निवासी 48 वर्षीय मुकेश दौलतानी पिता स्वर्गीय कन्हैयालाल दौलतानी, शुभ सिटी माधवनगर निवासी 45 वर्षीय जय इसरानी पिता नंदलाल इसरानी को गिरफ्तार कर इनके पास से मोबाइल फोन सट्टे के हिसाब किताब को जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा इनके माध्यम से ऑनलाइन आईडी बनाकर सट्टा खिलाने वाले मुख्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

