माधवनगर पुलिस ने जिला स्तरीय चंदन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार

माधवनगर पुलिस ने जिला स्तरीय चंदन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार

कटनी। थाना माधवनगर पुलिस ने चंदन के पेड़ों की चोरी के एक चर्चित मामले का खुलासा करते हुए जिला स्तर पर सक्रिय शातिर महिला-पुरुष चंदन चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चंदन के पेड़ों के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, ग्राम छहरी निवासी बगीचे के चौकीदार कमलेश कुशवाहा ने 14 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 और 9 मार्च की मध्यरात्रि अज्ञात चोर बगीचे से 15 चंदन के पेड़ काटकर ले गए तथा 15 अन्य पेड़ों के तनों को काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 229/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। इसी बीच सूचना मिली कि सभी आरोपी सतना जिले में हैं, जहां उन्हें स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद माधवनगर पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ की।

गिरफ्तार आरोपियों में राजू उर्फ चमरा पारधी (23 वर्ष), ईजुव पारधी (20 वर्ष), इलावन पारधी (20 वर्ष), मकौना उर्फ मतऊआ पारधी (19 वर्ष), अक्सेना उर्फ गुलगुली पारधी (22 वर्ष) निवासी ग्राम पटेहरा थाना कुठला जिला कटनी तथा डई पारधी (30 वर्ष) निवासी देवरी थाना बीजाडांडी जिला मंडला शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए चंदन के टुकड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भोले-भाले ग्रामीणों का विश्वास जीतने के लिए माला, रुद्राक्ष आदि बेचने के बहाने पहले क्षेत्र की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय महिला और पुरुष साथी मिलकर सुनसान स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गिरोह के खिलाफ सतना जिले में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नवीन नामदेव, उपनिरीक्षक योगेश मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक रामनरेश मिश्रा एवं आरक्षक लोकेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version