पचमढ़ी में सबसे कम तापमान: 1.6 डिग्री, मध्य प्रदेश में ठंड की लहर। मध्य प्रदेश में सर्दी के तेवर मंगलवार को भी तीखे रहे। पचमढ़ी में 1.6°C तापमान रिकार्ड किया गया। शीतलहर 10 शहरों में प्रभावी रही। राजस्थान पर बने प्रेरित चक्रवात से हवाओं का रुख बदलने की संभावना है, जिससे प्रदेश में ठंड में धीरे-धीरे राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में मंगलवार को भी सर्दी के तीखे तेवर बरकरार रहे। भोपाल सहित सात शहरों में रात का तापमान पांच डिग्री सेल्सियसस से कम रहा। 10 शहरों में शीतलहर का प्रभाव रहा। प्रदेश में सबसे कम 1.6 डिग्री तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी में रिकार्ड किया गया।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात के बनने से हवाओं का रुख बदलने लगा है। इस वजह से अब कड़ाके की ठंड से राहत मिलने लगेगी। उधर, मंगलवार को दिन का सबसे अधिक 30.5 डिग्री तापमान इंदौर में दर्ज किया गया।
पांच डिग्री से कम तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक भोपाल, पचमढ़ी, राजगढ़, खजुराहो, मंडला, नौगांव एवं उमरिया में रात का तापमान पांच डिग्री से कम पर रहा। भोपाल, सीहोर, विदिशा, शाजापुर, उमरिया, मंडला, नौगांव, पचमढ़ी में शीतलहर चली। शहडोल एवं सिवनी में तीव्र शीतलहर का प्रभाव रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। अरब सागर में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात है। पाकिस्तान और उसके आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में सक्रिय है। पूर्वी राजस्थान और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है।
तापमान में अब धीरे-धीरे बढ़ोतरी
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान काफी कम है। वहीं से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में ठंड के तेवर तीखे बने हुए हैं।
हालांकि राजस्थान पर बने प्रेरित चक्रवात के कारण प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में हवाओं का रुख दक्षिण-पश्चिमी होने लगा है। इस वजह से रात के तापमान में अब धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगेगी। बुधवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के भी सक्रिय होने के आसार हैं। पचमढ़ी में सबसे कम तापमान: 1.6 डिग्री, मध्य प्रदेश में ठंड की लहर
