Site icon Yashbharat.com

Love Marriage: थाने में हुई वरमाला, पुलिस बनी साक्षी, उपहार में दिए पौधे

thane me hui shadi 21 06 2019 m

भैंसदेही। बैतूल जिले के भैंसदेही थाना परिसर में गुरुवार को पुलिस ने एक प्रेमी युगल का विवाह करा दिया। थाने का स्टाफ इस विवाह का साक्षी बना और उपहार में उन्हें पौधे भेंट किए। पुलिस के मुताबिक भीमकुंड निवासी अजाब राव उइके और चोपान निवासी प्रियंका काकोड़िया के बीच एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक ही समाज के होने के बावजूद दोनों के परिजन उनकी शादी के लिए राजी नहीं थे। दोनों परिवारों के बीच विवाद भी चल रहा था। नाराज होकर वे दोनों अपने-अपने घर से चले गए थे। जिस पर बुधवार को प्रियंका के परिजन उसके अपहरण की रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंच गए। तब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि अपहरण नहीं हुआ है, बल्कि दोनों मर्जी से साथ गए हैं।

पुलिस ने दोनों को ढूंढ निकाला और थाने लाई। उनके दस्तावेजों की जांच से स्पष्ट हुआ कि दोनों बालिग हैं और शादी करना चाहते हैं। जिस पर एसआई सेवंती परते ने उनके परिजनों को बुलाकर समझाइश दी। फिर गुरुवार को थाना परिसर में ही आनन-फानन में तैयारियां कर विधिविधान से दोनों की शादी करवा दी। इसका पता चलते ही बड़ी संख्या में अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। एसआई सेवंती परते ने उन्हें उपहार में पौधे और एक हजार रुपए भेंट किए। इसके बाद विदा करा दी गई।

Exit mobile version