LIVE PM Modi in Kerala Live: ‘आयुष्मान भारत योजना से देशवासियों के एक लाख करोड़ रुपये बचे’, केरल में बोले पीएम मोदी

LIVE PM Modi in Kerala Live: 'आयुष्मान भारत योजना से देशवासियों के एक लाख करोड़ रुपये बचे', केरल में बोले पीएम मोदी

LIVE PM Modi in Kerala Live: ‘आयुष्मान भारत योजना से देशवासियों के एक लाख करोड़ रुपये बचे।  पीएम मोदी ने कहा कि ‘एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, देश में बीते नौ सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

वहीं कांग्रेस के पांच दशकों के शासन में सिर्फ गरीबी हटाओं का नारा दिया गया। इससे पता चलता है कि हमने विकसित भारत का जो रास्ता चुना है, वह सही है। हमें अपने मतदाताओं को यह बताना होगा कि 10 साल पहले देश में हर दूसरे दिन आतंकी घटनाएं होती थीं, जिससे निवेश और विदेश में रहने वाले हमारे लोग प्रभावित होते थे। एलडीएफ और यूडीएफ गठबंधन का घोटालों का इतिहास रहा है।’

प्रधानमंत्री ने कहा ‘हमने त्रिशूर में नारी शक्ति सम्मेलन के दौरान केरल के भाजपा कार्यकर्ताओं की ताकत देखी थी। मैं अपने निजी अनुभव से बता सकता हूं कि एक मजबूत संगठन ही इतने बड़े सम्मेलन का आयोजन कर सकता है। इससे पता चलता है कि आप बहुत कोशिश कर रहे हैं। भाजपा एकमात्र राजनीतिक पार्टी है, जिसका तेज विकास और भविष्य के लिए विजन रखने का रिकॉर्ड है।’

शक्तिकेंद्र प्रभारी सम्मेलन में शामिल हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री एर्नाकुलम में पार्टी के शक्तिकेंद्र प्रभारी सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका सम्मान और स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बात करते हुए मुझे हमेशा खुशी मिलती है क्योंकि यही राज्य में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करते हैं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं की कोशिश है कि भाजपा चमकती रहे। मैं उन सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को सलाम करता हूं, जो अपनी विचारधारा और देशभक्ति के लिए समर्पित हैं।’

‘देशवासियों के एक लाख करोड़ बचे’

प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा ‘भाजपा की प्राथमिकता लोगों की आय बढ़ाने के साथ ही देशवासियों की बचत बढ़ाना भी है। आयुष्मान भारत योजना के तहत देशवासियों को करीब करीब एक लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है। अब तक जन औषधि केंद्रों की वजह से लोगों के 25 हजार करोड़ रुपये बचे हैं।’

‘भारत वैश्विक व्यापार का केंद्र बन रहा’

पीएम मोदी ने कहा ‘आज भारत वैश्विक व्यापार का केंद्र बन रहा है। ऐसे में हम भी अपनी समुद्री ताकत को बढ़ा रहे हैं। आज देश को अपना सबसे बड़ा ड्राई डॉक मिला है। साथ ही जहाज निर्माण, जहाजों की मरम्मत और एलपीजी आयात टर्मिनल की सुविधा का भी उद्घाटन किया गया है। इन सभी सुविधाओं से शिपयार्ड की क्षमताओं में कई गुना इजाफा होगा। मैं इन सुविधाओं के लिए केरल के लोगों को बधाई देता हूं।’

‘गुरुवयूर मंदिर में पूजा अर्चना करने का सौभाग्य मिला’

कोच्चि में परियोजनाओं के उद्घाटन के अवसर पर पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज सुबह गुरुवयूर मंदिर में पूजा करने का अवसर मिला, जो मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है। कुछ दिन पहले अयोध्या में महर्षि वाल्मिकी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करते हुए मैं केरल में रामायण से संबंधित चार मंदिरों की बात कर रहा था। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे अयोध्या में राम मंदिर से पहले त्रिप्रयार में श्री रामास्वामी मंदिर में पूजा का अवसर मिला।’

प्रधानमंत्री ने कोच्चि में चार हजार करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोच्चि में 4000 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम पिनाराई विजयन और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद भी मौजूद रहे।

 

अभिनेता-राजनेता सुरेश गोपी की बेटी की शादी में शामिल हुए पीएम मोदी

केरल के गुरुवयूर मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिल्म अभिनेता और राजनेता सुरेश गोपी की बेटी की शादी में भी शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर मशहूर फिल्म अभिनेता मोहनलाल समेत कई अन्य हस्तियां भी मौजूद रहीं।

‘गुरुवयूर की जनता ने आशीर्वाद दिया’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवयूर मंदिर में दर्शन करने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि ‘सुबह के समय गुरुवयूर के लोग बड़ी संख्या में मुझे आशीर्वाद देने आए। इस गर्मजोशी की सराहना करता हूं और यह मुझे लोगों के लिए और कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित करती है।’

अभिनेता-राजनेता सुरेश गोपी की बेटी की शादी में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को केरल के गुरुवयूर में फिल्म अभिनेता-राजनेता सुरेश गोपी की बेटी की शादी में भी शामिल होने का कार्यक्रम है। विवाह समारोह के बाद पीएम मोदी त्रिप्रयार जाएंगे और सुबह करीब साढ़े 10 बजे श्रीराम मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे।

इन प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केरल के कोच्चि में तीन प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। इनमें नए ड्राई डॉक का उद्घाटन, कोचिन शिपयार्ड लिमिटेड में अंतरराष्ट्रीय शिप रिपेयर सुविधा केंद्र का उद्घाटन और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के एलपीजी आयात टर्मिनल का उद्घाटन शामिल है।

प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार शाम को केरल पहुंचे थे। केरल आने के बाद पीएम मोदी ने शाम में ही कोच्चि में रोड शो किया और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। केरल दौरे से पहले पीएम मोदी आंध्र प्रदेश गए थे, जहां उन्होंने लेपाक्षी में 486 साल पुराने वीरभद्र मंदिर में पूजा की।

 

Exit mobile version