Latest

LIVE Janjatiya Gaurav Divas: पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, गोंड महारानी वीर दुर्गावती का शौर्य हो या फिर रानी कमलापति का बलिदान, देश इन्हें भूल नहीं सकता

LIVE Janjatiya Gaurav Divas: भोपाल। । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में जय जोहार मध्य प्रदेश, राम-राम, सेवा जोहार, मोर सगा जनजाति भाई-बहन के साथ अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि मैं आज यहां मध्य प्रदेश के जनजातीय समाज का आभार भी व्यक्त करता हूं। बीते अनेक वर्षों में निरंतर हमें आपका स्नेह, आपका विश्वास मिला है। ये स्नेह हर पल और मजबूत होता जा रहा है। जीवन का उत्तम ज्ञान आदिवासियों ने आत्मसात किया। आजादी के बाद देश में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर पूरे देश के जनजातीय समाज की कला, संस्कृति, स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान को गौरव के साथ याद किया जा रहा है, उनका सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में गीत और नृत्य प्रस्तुत किया गया वो देशभर के लोगों को जीवन जीने का मकसद दिया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के योगदान के बारे में या तो देश को बताया ही नहीं गया और अगर बताया भी गया तो बहुत ही सीमित दायरे में जानकारी दी गई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि आज़ादी के बाद दशकों तक जिन्होंने देश में सरकार चलाई, उन्होंने अपनी स्वार्थ भरी राजनीति को ही प्राथमिकता दी।

यहां पढ़‍िए कार्यक्रम से जुड़ा हर अपडेट…

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि गोंड महारानी वीर दुर्गावती का शौर्य हो या फिर रानी कमलापति का बलिदान, देश इन्हें भूल नहीं सकता। वीर महाराणा प्रताप के संघर्ष की कल्पना उन बहादुर भीलों के बिना नहीं की जा सकती जिन्होंने कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ी और बलिदान दिया।

  • पीएम ने कहा, ‘पद्म विभूषण’ बाबासाहेब पुरंदरे जी ने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन को, उनके इतिहास को सामान्य जन तक पहुंचाने में जो योगदान दिया है, वो अमूल्य है। मैं बाबासाहेब पुरंदरे जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि देता हूं। आज जब हम राष्ट्रीय मंचों से, राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान की चर्चा करते हैं, तो कुछ लोगों को हैरानी होती है। ऐसे लोगों को विश्वास ही नहीं होता कि जनजातीय समाज का भारत की संस्कृति को मजबूत करने में कितना बड़ा योगदान रहा है।

  • प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे खुशी है कि मध्य प्रदेश में जनजातीय परिवारों में तेजी से टीकाकरण हो रहा है। हमारे आदिवासी भाई-बहन टीकाकरण के महत्व को समझते भी हैं, स्वीकारता भी हैं और देश को बचाने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं, इससे बड़ी समझदारी क्या हो सकती है। आज जब कार्यक्रम के प्रारंभ में मेरे आदिवासी जनजातीय समूह के लोग अलग अलग मंच पर गीत के साथ अपनी भावनाएं प्रकट कर रहे थे। मैंने देखा है कि उनकी हर बात में कोई न कोई तत्व ज्ञान होता है।

  • मंडला लक्ष्मी नारायण रमतणीया को अनाज वाहन की चाबी देकर प्रधानमंत्री राशन आपके द्वार योजना का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने दो आदिवासी युवाओं को वाहनों की चाबी प्रदान की। इसके बाद प्रधानमंत्री ने आलीराजपुर के चीना धुर्वे और झाबुआ के मनीष परमार को जेनिटिक सिकल सेल कार्ड देकर मिशन का शुभारंभ किया। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने सिवनी के विजय भारती और पिंकी सहरिया को शिक्षक नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

 

सीएम शिवराज ने कहा, मध्य प्रदेश में आदिवासी राजाओं का राज था

मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्‍वागत भाषण देते हुए कहा कि पूरा प्रदेश भगवान बिरसा मुंडा की जन्‍मतिथि पर आदिवासी रंग में रंग गया है। मैं भगवान बिरसा मुंडा को प्रणाम करता हूं साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का धन्‍यवाद देता हूं कि उन्‍होंने बिरसा मुंडा के सम्‍मान में उनकी जन्‍मतिथि राष्‍ट्रीय गौरव दिवस की घोषणा की है। उन्‍होंने देश की आजादी में आदिवासियों के योगदान का वास्‍तव में सम्‍मान किया है। मैं मध्‍य प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री का स्‍वागत करता हूं। भोपाल या प्रदेश में सिर्फ मुगलों का राज नहीं था बल्कि उनसे पहले आदिवासी राजाओं का राज था और उन्‍होंने राज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्‍यौछावर किए। रानी कमलापति भी भोपाल का गौरव थी। उन्‍होंने अपनी अस्मिता के लिए मुगलों के सामने झुकने के बजाय प्राण न्‍यौछावर करने का कदम उठाया। प्रधानमंत्री ने रानी कमलापति के बलिदान का सम्‍मान करते हुए विश्‍व स्‍तरीय रेलवे स्‍टेशन को रानी कमलापति नाम दिया। इसके लिए में प्रधानमंत्री को धन्‍यवाद देता हूं।

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के 23 जिलों के 75 रणबांकुरों की पुण्यभूमि से एकत्रित की गई पावन मिट्टी का अमृत कलश भेंट किया। पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात गोंड चित्रकार भज्जू सिंह श्याम ने अपनी बनाई पेंटिंग भेंट की। पेंटिंग में प्रकृति की सुंदरता को अनूठे तरीके से अभिव्यक्त किया गया है। मध्य प्रदेश की प्रख्यात चित्रकार, पद्मश्री से अलंकृत भूरीबाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनजातीय कलाकृति को दर्शाती सुंदर पेंटिंग भेंट की। प्रधानमंत्री को जनजातीय प्रतीकों बैगा माला और पगड़ी भेंटकर उनका भव्य स्वागत किया।

 

  • गोंडवाना का गौरव रानी कमलापति की प्रतिमा स्‍मृति चिन्‍ह स्‍वरूप मुख्‍यमंत्री ने प्रधानमंत्री को भेंट की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री को पद्ममश्री भूरी बाई ने चित्र भेंट किया। आजादी के लिए अपना बलिदान देने वाले मध्य प्रदेश के रणबांकुरों के जन्मस्थान और बलिदान स्थल की मिट्टी का अमृत कलश भी प्रधानमंत्री को दिया गया।  प्रधानमंत्री का बैगा माला और शाल से अभिनंदन किया गया। इसके बाद मुख्‍यमंत्री ने प्रधानमंत्री को तीर और धनुष देकर अभिनंदन किया। आदिवासी नेता ओमप्रकाश धुर्वे, बिसाहूलाल साहू आदि ने अभिनंदन किया। मंच पर राज्‍यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया, प्रहलाद पटेल समेत सांसद, विधायक मौजूद हैं।

 

मध्य प्रदेश की प्रथम विधानसभा के लिए निर्वाचित सदस्य लक्ष्मीनारायण गुप्ता का प्रधानमंत्री ने किया सम्मान। गुप्ता 1952 में पहली बार हिंदू महासभा के प्रत्याशी के रूप में शिवपुरी जिले के पिछोर विधानसभा क्षेत्र से चुने गए थे। वे राजस्व मंत्री रहे हैं और 103 वर्ष के हैं।

  • रायसेन रोड पर बसों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई है जंबूरी मैदान पहुंचने के लिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए। डिंडौरी मंडला उमरिया सभी जगह से बसें लगातार आ रही। मुख्यमंत्री राशन आपके द्वार योजना के तहत इन वाहनों की चाबी सौंपी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जनजातीय समुदाय ने देश के लिए बलिदान दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनजातीय समुदाय के लिए कई कदम उठा रहे हैं। कुछ नए कार्यक्रमों की शुरुआत आज की जाएगी। भोपाल के रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति किया गया है।

  • भोपाल में पारंपरिक परिधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देने पहुंचे आदिवासी जनजाति के लोग। भगवान बिरसा मुंडा की फिल्म को लोग एकटक देखते रहे। उधर भोपाल में सागर पब्लिक स्कूल गांधीनगर से आदिवासियों का दल प्रधानमंत्री के सभा स्थल की तरफ रवाना हो गया, जिसमें करीब 40 बसें शामिल हैं।

  • जंबूरी मैदान पर वीवीआइपी लोगों का आना शुरू हो गया है, पुलिस द्वारा वीवीआइपी को फालोआन दिया जा रहा है। पुलिसकर्मियों के लिए भोजन व्यवस्था का भी पर्याप्त इंतजाम किया जा रहा है। पुलिस लाइन से भोजन पुलिसकर्मियों तक पहुंचाया जा रहा है। बिना पास के भाजपा कार्यकर्ताओं को भी नहीं दिया जा रहा है। जंबूरी मैदान पर जनजातीय समुदाय के व्यक्तियों का लगातार आना जारी।

  • भोपाल में कार्यक्रम स्थल पर 28 सेक्टर बनाए गए हैं, हर सेक्टर में 2 डाक्टर और नर्सिंग स्टाफ तैनात किया गया है। फर्स्ट एड किट के साथ ही इनके पास सभी जरूरी दवाएं मौजूद है।  भोपाल में आदिवासी रोहतास सामाजिक संस्था से जुड़े लोग प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए पहुंचे हैं। इन्हें भेल कालेज चौराहे से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। इनका कहना है कि वह बिरसा मुंडा परिवार से ही है।  शिवपुरी से आए आदिवासी जनजाति के लोग अपनी समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुखातिब होना चाहते हैं, उन्हें मोदी जी से उम्मीद है कि वे उनकी सभी समस्या इस कार्यक्रम के माध्यम से सुलझा देंगे।  भोपाल के जंबूरी मैदान में भारी संख्या में आदिवासी जनजाति के लोग आए, कार्यक्रम में जनजाति जननायक की वीर गाथा का हो रहा है उच्चारण। भोपाल में कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था, गेट से अंदर जाने से पहले मेटल डिटेकटर से हो रही चेकिंग। भगवान टंट्या मामा स्मारक स्थल बड़ौदा से भोपाल के लिए अमृत कलश लेकर रवाना हुए भाजपा विधायक राम डंगोरे।  कार्यक्रम स्थल के मुख्य स्टेज पर बम डिस्पोजल स्क्वायड आखिरी बार चेकिंग कर रहे हैं। किसी को भी बिना पास के प्रवेश नहीं दिया जा रहा। जंबूरी मैदान में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। करीब 2.50 लाख लोगों के इस कार्यक्रम में पहुंचने की बात कही जा रही है।  जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान में शामिल होने आए लोगों को चेकिंग के बाद दिया जा रहा प्रवेश। जनजाति गौरव दिवस समारोह में शामिल होने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दिल्ली से भोपाल पहुंचे। राज्य शासन के मंत्री तुलसी सिलावट गोविंद राजपूत एवं प्रभु राम चौधरी ने उनकी अगवानी की बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता विमानतल पर उपस्थित थे। मीडिया से चर्चा करते हुए सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासियों का गौरव बढ़ाया है, मध्य प्रदेश सरकार भी आदिवासियों के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा हम सब के आदर्श हैं उनकी जन्म जयंती को हमने ऐतिहासिक बना दिया है पूरे विश्व में सम्मान बढ़ा है।

भोपाल में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होने प्रदेशभर से 772 बसों में पहुंचे 24 हजार से अधिक लोगों को शहर में अलग-अलग रुकवाया गया है। यहां सुबह 28 स्थानों पर उन्हें नाश्ता करवाया गया।

भोपाल के जंबूरी मैदान पर ऐसी है कार्यक्रम की व्यवस्था

जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान को 28 सेक्टरों में बाटा गया है, जिसमें 7 स्टेज बनाए गए हैं। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आठ गेट बनाए गए है, इसमें से चार इमरजेंसी एग्जिट के तौर पर उपयोग हो सकेंगे। सुबह साढ़े 10 बजे से मुख्य स्टेज के पास एक और स्टेज पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। स्टेज के पीछे जानजातीय प्रदर्शनी लगाई गई है, जहां आकर्षण का प्रमुख केंद्र झाबुआ का गुड़ियां शिल्प होगा। 150 शौचालय पूरे जंबूरी मैदान के आसपास बनाए गए है, हर सेक्टर में पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। पूरा कैंपस प्लास्टिक फ्री रहेगा, स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है। सुबह 12 बजे के बाद किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

20 युवाओं को वाहन की चाबी सौंपेंगे

20 युवाओं को ‘राशन आपके द्वार” योजना के तहत गांव-गांव तक राशन पहुंचाने के लिए वाहन की चाबी सौंपी जाएगी। ये वाहन स्थानीय युवाओं को सरकार ने बैंकों से ऋण उपलब्ध कराकर दिलवाए हैं। इन्हें 23 हजार से लेकर 31 हजार रुपये तक हर महीने प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। शनिवार और रविवार को वाहन का वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए उपयोग भी कर सकेंगे। 23 लाख से ज्यादा हितग्राही योजना से लाभांवित होंगे।

Back to top button