Site icon Yashbharat.com

LIVE INDvsPAK: रोहित-धवन की फिफ्टी, आक्रामक शुरुआत, जीत की ओर भारत

images 31

दुबई। रोहित शर्मा और शिखर धवन ने भारत को रविवार को एशिया कप के सुपर-4 राउंड में आक्रामक शुरुआत दिलाई। 238 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए भारत ने 26 ओवरों में बिना किसी नुकसान के 157 रन बना लिए हैं। धवन 81 और रोहित 71 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इससे पहले पाकिस्तान ने शोएब मलिक के अर्द्धशतक (78) की मदद से 7 विकेट पर 237 रन बनाए।

टीम इंडिया जब लक्ष्य का पीछा कर रही थी तब रोहित शर्मा भाग्यशाली रहे कि उन्हें 12 के स्कोर पर जीवनदान मिला। रोहित का अफरीदी की गेंद पर कवर्स पर इमाम ने आसान कैच छोड़ा। धवन ने शादाब खान की गेंद पर चौका लगाकर वनडे में 26वीं फिफ्टी पूरी की।

इसके पूर्व पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। चहल ने अपने पहले ओवर में भारत को सफलता दिलाई जब उन्होंने इमाम को पैवेलियन लौटाया। इमाम को अंपायर ने एलबीडब्ल्यू नहीं दिया था, लेकिन भारत ने रिव्यू लिया और फैसला उनके पक्ष में आया। इमाम ने 10 रन बनाए। फखर जमान ने आक्रामक अंदाज में खेलना शुरू ही किया था कि वे कुलदीप यादव की गेंद को स्वीप करने के चक्कर में एलबीडब्ल्यू हुए। फखर स्वीप करने के प्रयास में फिसल गए थे। उन्होंने 44 गेंदों में 31 रन बनाए। अभी पाक इस सदमे से उबरा भी नहीं था कि बाबर आजम कप्तान सरफराज के साथ तालमेल गड़बड़ाने से रन आउट हुए। वे मात्र 9 रन बना पाए। 58 रनों पर तीसरा विकेट गिरने के बाद शोएब और सरफराज पाक की पारी को संभाला।

मलिक ने भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर 1 रन लेते हुए फिफ्टी पूरी की। यह उनकी भारत के खिलाफ 11वीं और कुल 43वीं फिफ्टी है। उन्होंने 64 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से फिफ्टी पूरी की। कुलदीप ने सरफराज को कवर्स पर रोहित के हाथों झिलवाया। उन्होंने 44 रन बनाए और मलिक के साथ चौथे विकेट के लिए 107 रन जोड़े। अब पाक की उम्मीद मलिक पर टिक गई थी लेकिन वे जसप्रीत बुमराह की गेंद पर विकेटकीपर धोनी को कैच दे बैठे। उन्होंने 90 गेंदों का सामना कर 4 चौको और 2 छक्कों की मदद से 78 रन बनाए। आसिफ अली (30) को चहल ने बोल्ड किया। शादाब खान (10) को बुमराह ने बोल्ड किया।

इन दोनों टीमों के बीच ग्रुप में हुए मैच में भारत ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। हांगकांग के खिलाफ संघर्षपूर्ण जीत के बाद टीम इंडिया ने पाक को आसानी से हराया था। बांग्लादेश को 7 विकेट से हराने के बाद भारत के हौसले बुलंद होंगे। भुवनेश्वर कुमार ने टीम को शुरुआती सफलता दिलाई जिसके बाद भारतीय स्पिनरों ने दबाव बनाया था। रवींद्र जडेजा ने पिछले मैच में शानदार गेंदबाजी की थी और टीम को उनसे इस मैच में भी जबर्दस्त प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

भारत की बल्लेबाजी अच्छी चल रही है और उसके ओपनर्स लय में दिख रहे हैं। शिखर धवन ने पाक के खिलाफ तो रोहित ने बांग्लादेश के खिलाफ फिफ्टी लगाई। अंबाती रायुडू और केदार जाधव भी लय में है जबकि महेंद्रसिंह धोनी ने बांग्लादेश के खिलाफ अच्छी पारी खेली।

Exit mobile version