LIVE INDvsENG : इंग्लैंड ने टॉस जीता, बल्लेबाजी का फैसला

लॉर्ड्‍स। इंग्लैंड ने शनिवार को दूसरे अंतरराष्ट्रीय वनडे में भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दोनों टीमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। मेजबान इंग्लैंड के सामने इस मुकाबले में सबसे बड़ी चुनौती भारतीय स्पिनरों विशेषकर कुलदीप यादव से पार पाने की होगी। भारत तीन मैचों की सीरीज में अभी 1-0 से आगे चल रहा है।

रोहित शर्मा के धमाकेदार नाबाद शतक और कुलदीप यादव की रिकॉर्डतोड़ गेंदबाजी (25/6) की मदद से भारत ने नॉटिंघम में पहला वनडे आसानी से 8 विकेट से जीता था। कुलदीप का पहले मैच में कहर बरपा था और मेजबान बल्लेबाज उनके सामने टिक नहीं पाए थे, अब इन्हें मात्र एक दिन के अंतराल के बाद फिर उसी गेंदबाज का सामना करना है। स्टार बल्लेबाज एलेक्स हेल्स के बाहर होने की वजह से इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ गई है। हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते हेल्स अब वनडे सीरीज के शेष मैचों से बाहर हो गए हैं।

इंग्लिश टीम में एक बदलाव संभव :

जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय ने इंग्लैंड को पहले मैच में शानदार शुरुआत दिलाई थी, लेकिन इसके बाद विकेटों की पतझड़ शुरू हो गई। बेन स्टोक्स और जोस बटलर ने अर्द्धशतक लगाते हुए इंग्लैंड के स्कोर को चुनौतीपूर्ण बनाया था। कप्तान इयोन मॉर्गन को अपने बल्लेबाजों से ज्यादा जिम्मेदारी भरे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। ट्रेंट ब्रिज की सपाट पिच पर तो उनके बल्लेबाज ऐसा कर पाने में नाकाम रहे थे।

भारत के तेज गेंदबाज अवश्य शुरुआत में ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे, लेकिन टीम प्रबंधन यह जानता है कि उसके फर्स्ट च्वाइस गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट की वजह से सीरीज से बाहर है जबकि भुवनेश्वर कुमार अनफिट चल रहे हैं। युजवेंद्र चहल भले ही विकेट नहीं ले पाए, लेकिन दूसरे छोर से कुलदीप का कहर बरपा था और चहल ने भी दबाव बनाए रखा था। सलामी बल्लेबाजों रोहित और शिखर धवन ने अच्छी बल्लेबाजी की थी। धवन ने मेहमान टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई थी।

टीमें – भारत : रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, सुरेश रैना, महेंद्रसिंह धोनी, हार्दिक पांड्‍या, उमेश यादव, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, सिद्धार्थ कौल।

इंग्लैंड : जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, इयोन मॉर्गन (कप्तान), बेन स्टोक्स, जोस बटलर, मोईन अली, डेविड विली, लियाम प्लंकेट, आदिल रशीद, जैक बॉल।

Exit mobile version