कटनी: क्रय-विक्रय रिकॉर्ड में धांधली पर श्री बालाजी फार्मेसी का लाइसेंस 15 दिन के लिए सस्पेंड, कॉन्ट्रापिल किट की बिक्री पर भी रोक
कटनी । कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने संत नगर स्थित ‘मेसर्स श्री बालाजी फार्मेसी’ पर बड़ी कार्रवाई की है। औषधियों के क्रय-विक्रय व भंडारण के नियमों का पालन न करने और अभिलेखों में अनियमितता पाए जाने पर फार्मेसी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया है।
कॉन्ट्रापिल किट के रिकॉर्ड में मिली गड़बड़ी
बीते 29 सितंबर को औषधि निरीक्षक द्वारा किए गए निरीक्षण में मेडिकल स्टोर के विक्रय बिलों और रिकॉर्ड्स में खामियां मिली थीं। विशेष रूप से गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली कॉन्ट्रापिल (Contrapill) किट के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड में भारी अनियमितता पाई गई। फार्मेसी द्वारा दिए गए कारण बताओ नोटिस के जवाब को असंतोषजनक पाते हुए औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत यह निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान मेडिकल स्टोर से दवाओं की बिक्री पूरी तरह बंद रहेगी।

