Site icon Yashbharat.com

लखीमपुर बवाल: प्रधान समेत 82 नामजद, 200+ अज्ञात पर केस; गांव में तनाव, आरोपी फरार

bwal bheed

लखीमपुर बवाल: प्रधान समेत 82 नामजद, 200+ अज्ञात पर केस; गांव में तनाव, आरोपी फरार। लखीमपुर खीरी जिले के मैलानी थाना क्षेत्र स्थित मोतीपुर ग्रांट नंबर 10 गांव में 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती के दौरान प्रतिमा को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित 82 लोगों को नामजद करते हुए 200 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भारी पुलिस बल के साथ पीएसी तैनात कर दी गई है।

लखीमपुर बवाल: प्रधान समेत 82 नामजद, 200+ अज्ञात पर केस; गांव में तनाव, आरोपी फरार

बताया जा रहा है कि विवादित भूमि पर आंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बवाल में बदल गई। उपद्रवियों ने करीब पांच घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के वाहनों सहित कुल आठ वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए गए, जबकि दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया और दो को नहर में पलट दिया गया। घटना में एक महिला समेत पुलिस-प्रशासन के करीब नौ लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 25 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है।

घायल चंदा देवी की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। वहीं मैलानी इंस्पेक्टर की ओर से भी 74 लोगों को नामजद करते हुए अलग से मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने बलवा, हत्या के प्रयास और हिंसा भड़काने जैसी गंभीर धाराएं लगाई हैं।

घटना के बाद पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। हालांकि, अधिकांश आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं और घरों पर केवल महिलाएं ही मिलीं। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

प्रशासनिक जांच में सामने आया है कि जिस भूमि पर विवाद हुआ, वह बांकेगंज मार्ग पर स्थित सरकारी खाद गड्ढों की जमीन है, जिस पर पहले से ही अवैध कब्जे के प्रयास होते रहे हैं। राजस्व विभाग की टीम ने जमीन की पैमाइश शुरू कर दी है और कब्जेदारों की पहचान की जा रही है।

एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी है और बिना अनुमति के प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया गया था। पहले भी लोगों को इस संबंध में चेतावनी दी गई थी, लेकिन नियमों का उल्लंघन किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पूरी जमीन को खाली कराया जाएगा।

फिलहाल गांव में हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन तनाव बरकरार है। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Exit mobile version