Ladli Behna Yojana DBT लाड़ली बहना योजना पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने बैंकों को कहा है कि DBT या तकनीकी या अन्य तरह की कमियों को जल्द दूर कर राशि जमा करने की प्रक्रिया शुरू करें। वहीं, कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन महिलाओं के खाते लंबे समय से निष्क्रिय हैं, उनके नए खाते खुलवा दें।
डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर की सुविधा चालू नहीं
आवेदन करने वाली लगभग पांच लाख महिलाएं ऐसी हैं, जिनके बैंक खातों में अब तक डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) की सुविधा चालू नहीं हुई है। इन महिलाओं के बैंक खातों में अगले सप्ताह तक योजना के एक-एक हजार रुपये जमा कराए जा सकेंगे। अब सिर्फ उन महिलाओं को राशि दी जानी है, जिनके खातों में अब तक डीबीटी चालू नहीं हुई है। डीबीटी चालू नहीं होने के कई कारण भी सामने आए हैं।
खाता आपरेट ही नहीं किया
अधिकतर मामलों में देखा गया है कि महिलाओं ने छह माह या एक साल से खाता आपरेट ही नहीं किया, इस कारण बैंकों ने उनके खाते बंद कर दिए हैं, तो कुछ मामलों में यह भी पता चला है कि बैंकों ने आनलाइन पेमेंट के लिए हितग्राही के बैंक खातों को नेशनल पेमेंट कार्पोरेशन आफ इंडिया के साफ्टवेयर में दर्ज नहीं किया है।
योजना में एक करोड़ 25 लाख छह हजार 186 महिलाओं का पंजीयन हुआ है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को जबलपुर से योजना का विधिवत शुभारंभ किया और अब तक एक करोड़ 20 लाख महिलाओं के खातों में राशि पहुंच चुकी है।

