Site icon Yashbharat.com

लाडली बहना योजना: महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम

लाड़ली बहना योजना: मई की किश्त का बेसब्री से इंतज़ार, बहनों की निगाहें सरकार पर टिकीं

कटनी । प्रदेश की जरूरतमंद महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मार्च 2023 से प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की ओर एक बड़ा कदम साबित हो रही है। इस योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को हर महीने 1,250 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

जिससे वे अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा प्रतिमाह राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से लाडली बहनों के खाते में मासिक सहायता राशि का अंतरण नियमित रूप से किया जा रहा है।

विगत सोमवार को देवास जिले के सोनकच्छ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से भी प्रदेश की लाडली बहनों के खातों में 1250 रुपए की राशि अंतरित की गई है। कटनी जिले की 2 लाख 43 हजार 389 लाडली बहनों के खातों में 29.64 करोड़ से अधिक की राशि पहुंची है।

यह योजना प्रदेश की उन बहनों के लिए संजीवनी साबित हो रही है, जो पहले छोटे-छोटे खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर थीं। हर महीने मिलने वाली सहायता राशि से वे न केवल अपने घरेलू खर्चों को आसानी से संभाल पा रही हैं, बल्कि अपने बच्चों की शिक्षा और जरूरतों को भी पूरा कर रही हैं।

यह योजना महिलाओं को न केवल वित्तीय मजबूती दे रही है, बल्कि उनके आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा दे रही है। लाड़ली बहना योजना आज हजारों महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। योजना के अंतर्गत मिलने वाली राशि से कई बहनों को राहत मिली है, जो पहले आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं।

योजना से बदली महिलाओं की जिंदगी

जिले के कटनी नगर की वार्ड क्रमांक 39 निवासी श्रीमती प्रभा बर्मन बताती हैं कि उन्हें इस योजना से हर महीने मिलने वाली राशि से छोटे-मोटे खर्चों में आसानी हो रही है। पहले उन्हें हर महीने की जरूरतें पूरी करने में कठिनाई होती थी, दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब वे आत्मनिर्भर महसूस करती हैं।

इसी तरह कटनी की आचार्य कृपलानी वार्ड निवासी श्रीमती नीलम दुबे ने बताया कि उनके बच्चे पढ़ाई कर रहे है। इन पैसों से वे अब अपने बच्चों की फीस एवं पढ़ाई पढ़ाई लिखाई का खर्चा बिना किसी परेशानी के उठा पा रही हैं। उनका कहना है कि यह योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। सुधार न्यास कालोनी विश्राम बाबा वार्ड निवासी श्रीमती वर्षा कोरी भी इस योजना के लिए आभार व्यक्त करती है, वे कहती हैं कि अब वे अपने बच्चों की फीस आसानी से भर पा रही हैं और साथ ही घर के जरूरी खर्चों में भी यह सहायता राशि बहुत काम आ रही है।

सभी लाभार्थी महिलाओं ने मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया है और कहा कि यह योजना महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल है। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी बढ़ोतरी हुई है। लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं को उनके छोटे-छोटे खर्चों के लिए किसी पर निर्भर होने से मुक्त किया है और यह सरकार की महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम है।

 

Exit mobile version