कटनी की कवियित्री मीरा भार्गव मप्र साहित्य अकादमी द्वारा वीरेंद्र मिश्र स्मृति पुरस्कार से सम्मानित
कटनी की कवियित्री मीरा भार्गव मप्र साहित्य अकादमी द्वारा वीरेंद्र मिश्र स्मृति पुरस्कार से सम्मानित
कटनी- नगर की वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवियित्री मीरा भार्गव को मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी द्वारा प्रतिष्ठित गीत कवि वीरेंद्र मिश्र स्मृति प्रदेश कृति पुरस्कार-2024 से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान उनकी चर्चित काव्य कृति ‘मीरा मुक्तामणि’ के लिए प्रदान किया जाएगा।
मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक विकास दवे द्वारा जारी घोषणा के अनुसार प्रदेश के विभिन्न शहरों के 15 साहित्यकारों को उनके साहित्यिक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसी क्रम में कटनी की साहित्य साधिका मीरा भार्गव का चयन भी इस प्रतिष्ठित पुरस्कार हेतु किया गया है।
पुरस्कार के अंतर्गत उन्हें 51 हजार रुपये की सम्मान राशि, शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इस घोषणा से कटनी का साहित्यिक जगत हर्ष और गौरव की अनुभूति कर रहा है। नगर की विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं ने मीरा भार्गव को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि मीरा भार्गव लंबे समय से साहित्य साधना में सक्रिय हैं। उनकी तीन प्रमुख काव्य कृतियां ‘लहरों की अनुगूंज’, ‘प्रेम प्रसून’ एवं ‘मीरा मुक्तामणि’ प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त उनकी रचनाएं अनेक सहयोगी संकलनों में भी प्रकाशित हुई हैं।
गौरतलब है कि गत वर्ष संस्कारधानी जबलपुर की साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था कादंबरी के अखिल भारतीय वार्षिक समारोह में भी उन्हें उनकी काव्य कृति ‘मीरा मुक्तामणि’ के लिए सम्मानित किया गया था। उनकी इस उपलब्धि से कटनी जिले का साहित्यिक गौरव प्रदेश स्तर पर और अधिक बढ़ा है।