Katni Police Jansamwad: पुलिस के जनसंवाद कार्यक्रम में गांव-गांव अवैध पैकारियों की शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीण
Katni Police Jansamwad: पुलिस के जनसंवाद कार्यक्रम में गांव-गांव अवैध पैकारियों की शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीण। स्लीमनाबाद एसडीओपी रेंज का जनसंवाद कार्यक्रम शुक्रवार को स्लीमनाबाद परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन सहित आला अधिकारी ने थाना क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों व नागरिकों की समस्याओं को सुना।
जनसंवाद में बहोरीबंद जनपद अध्यक्ष लाल कमल बंसल ने कहा कि गांव-गांव में शराब की अवैध पैकारियों खुली है। शराब की ये अवैध दुकानें बंद हो जाएं तो वादविवाद व अपराधों में कमी आएगी और युवा पीढ़ी बर्बाद होने से बचेगी। जिसपर एसपी ने थाना प्रभारियों को अवैध पैकारियों को बंद कराने का काम प्रमुखता से करने कहा।
अंतर्गत विद्युत तारों की जो चोरी हो रही
जिला पंचायत सदस्य पंडित प्रदीप त्रिपाठी ने क्षेत्र अंतर्गत विद्युत तारों की जो चोरी हो रही है उनपर पुलिस की कार्रवाई न होने की बात उठाई। शिकायत पर एसपी ने एसडीओपी अखिलेश गौर को विद्युत अधिकारियों के साथ बैठकर समस्या निदान कराने कहा। पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पंचायत छपरा में हनुमान मंदिर निर्माण के लिए फंसे पेंच के निदान के लिए स्लीमनाबाद को जिम्मेदारी दी साथ ही सरपंच ग्राम पंचायत छपरा को निर्देशित किया कि उक्त विवादित भूमि पर सीमांकन कराये ताकि समस्या का हल हो सके।
अपने थाना क्षेत्र में पैदल भ्रमण करें
इस दौरान एसपी ने थाना प्रभारियो को निर्देशित किया कि अपने थाना क्षेत्र में पैदल भ्रमण करें। इस दौरान थाना प्रभारी स्लीमनाबाद अखिलेश दाहिया, बाकल थाना प्रभारी किशोर द्विवेदी, बहोरीबंद सुरेंद्र शर्मा, ढीमरखेड़ा मोहम्मद शाहिद, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, गणेश तिवारी, जगदेव पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।