Katni : GRP आरक्षक से साढ़े चार लाख का गांजा बरामद

कटनी। कटनी साउथ स्टेशन में देररात दबिश देकर रेल पुलिस ने अपने ही एक जवान को प्रतिबंधित गांजा की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। जवान के पास से लगभग साढ़े चार लाख रूपए कीमती 43 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
इस संबंध में रेलसूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रेल पुलिस को देररात मुखबिरों से सूचना मिली कि कटनी साउथ स्टेशन में एक युवक प्रतिबंधित गांजा की बड़ी खेप के साथ बैठा हुआ है।
जिसके बाद रेलपुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर पूछताछ करने पर पता चला कि युवक का नाम दिगपाल सिंह है और वो शहडोल जीआरपी थाने में आरक्षक के पद पर पदस्थ है।
उधर यह भी बताया जा रहा है कि दिगपाल सिंह पिडले लंबे समय से वर्दी की आड़ में प्रतिबंधित गांजा की तस्करी कर रहा था। बहरहाल जीआरपी आरक्षक दिगपाल सिंह के पास से बैग में भरकर रखा गया लगभग साढ़े चार लाख रूपए कीमती 43 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
जीआरपी थाना प्रभारी डी.पी.चड़ार के मुताबिक आरक्षक दिगपाल सिंह के विरूद्ध नारकोटिक्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उधर अपने ही विभाग के एक आरक्षक के पास से प्रतिबंधित गांजा की खेप बरामद होने के बाद ही हड़कंप मच गया है।

Exit mobile version