Site icon Yashbharat.com

Katni: 20 फुट पीछे बनेगा नया माधवनगर गेट, सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन और सिंधी समाज में बनीे यह सहमति

IMG 20200711 WA0001

कटनी। सड़क चौड़ीकरण और सौन्दर्यीकरण के चलते चालीस साल पहले बने माधवनगर गेट को करीब 20 फुट पीछे किया जा रहा है।

पुराने गेट को तोड़कर राजस्थान के कारीगर करेंगे निर्माण
सड़क चौड़ीकरण और सौन्दर्यीकरण को लेकर प्रशासन और सिंधी समाज में बनीे सहमति

वर्तमान में निर्मित गेट को तोड़कर माधवनगर रोड पर एक नए गेट का निर्माण किया जाएगा। नए गेट का निर्माण राजस्थान के कारीगरों द्वारा किया जाएगा।

आज जिला प्रशासन के अधिकारियों और सिंधी समाज के लोगों के बीच गेट को पीछे करने को लेकर सहमति बनी है।

गौरतलब है कि नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा इस समय राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांत सात पर बरगवां से लेकर झिंझरी तक सड़क चौड़ीकरण और सौन्दर्यीकरण के कई कार्य कराए जा रहे हैं।

माधवनगर गेट चौराहे पर भी सड़क चौड़ीकरण का काम काफी समय से कराया जा रहा है। इसी कड़ी में हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी की तरफ फव्वारे का निर्माण हो रहा है।

माधवनगर की ओर जाने वाले मार्ग को भी आवागमन के लिए चौड़ा किया गया है। औद्योगिक क्षेत्र के पास सेल्फी प्वाइंट का निर्माण कराने के साथ ही डिवाइडरों में जालियां लगाकर पौधारोपण किया गया है।

माधवनगर की तरफ जाने वाले मार्ग पर लगातार बढ़ रहे यातायात के दबाव को देखते हुए प्रशासन द्वारा सड़क चौड़ीकरण कराया जा रहा है, इससे वाहन चालकों के साथ ही आम राहगीरों को आवागमन में अब दिक्कत नहीं होगी।

इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा माधवनगर गेट को करीब 20 फुट पीछे करने की योजना तैयार की गई थी। जिसको लेकर सिंधी समाज के वरिष्ठ नागरिकों से भी बात की गई।

आज सुबह सिंधी समाज के वरिष्ठ नागरिक गंगाराम कटरिया झम्मटमल ठारवानी, राजा जगवानी देवानंद आसरानी, राजकुमार माखीजा सहित अन्य लोगों और प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति में माधवनगर गेट को 20 फुट पीछे करने का निर्णय लिया गया।

सिंधी समाज के वरिष्ठ नागरिक झम्मटमल ठारवानी ने बताया कि समाज ने शहर विकास को लेकर इस कार्य के लिए सहमति प्रदान करते हुए भव्य और शानदार गेट का निर्माण कराने की बात प्रशासन से की है।

यह भी कहा गया है कि पहले नए गेट का निर्माण किया जाए, इसके बाद ही पुराने गेट को तोड़ा जाए।

Exit mobile version