कटनी। पूर्व विधायक एवं दैनिक मध्यप्रदेश के संपादक चंद्रदर्शन गौड़ का आज सुबह नागपुर में लंबी बीमारी के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। वे पिछले काफी समय से डायलिसिस पर थे और दो दिन पहले अचानक तबियत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें नागपुर लेकर गए थे। नागपुर में ही उनका इलाज चल रहा था, जहां आज सुबह उन्होंने अंतिम सांसें ली। उनके निधन की खबर मिलते ही शहर में उनके समर्थकों, शुभचिंतकों, परिवारजनों और कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। वे 70 वर्ष के थे और अपने पीछे पत्नी, तीन भाईयों, दो बहनों और दो पुत्रों का भरा पूरा पविार रोता बिलखता छोड़ गए।
इलाज के दौरान नागपुर में ली अंतिम सांस
1980 में बने विधायक, कांगे्रस का नेतृत्व भी किया
जानकारी के मुताबिक श्री गौड़ वर्ष 1980 में कांग्रेस की टिकट पर तत्कालीन मुड़वारा-रीठी विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। 1980 से 85 तक के कार्यकाल में कटनी और रीठी क्षेत्र में जमीन से जुड़े लोकप्रिय युवा नेता के रूप में उनकी पहचान थी। इसके बाद उन्होंने कांगे्रस संगठन के अनेक पदों पर कार्य किया। वे जिला कांगे्रस कमेटी शहर के अध्यक्ष भी रहे। कटनी की कांगे्रस में उन्हें मजबूत स्तम्भ के रूप में माना जाता था। पार्टी में पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा और विद्याचरण शुक्ल के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती थी। इसके अलावा वे पत्रकारिता के क्षेत्र से भी गहरा ताल्लुक रखते थे। कन्हैयालाल गौर के निधन के बाद उन्होंने दैनिक मध्यप्रदेश का संपादन सम्भाला। राजनीति और पत्रकारिता दोनों ही क्षेत्रों में उनकी गहरी पकड़ और समझ थी। कुशल वक्ता होने के साथ-साथ बेबाक बयानी उनके व्यक्तित्व का खास पहलू था। जैसे वे प्रखर वक्ता थे, वैसी ही उनकी लेखनी भी थी। एक तरह से उनके निधन से कटनी ने पत्रकारिता और राजनीति का एक महत्वपूर्ण स्तम्भ खो दिया। निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया तथा बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदना व्यक्त करने उनके निवास पहुंचे। शाम तक उनका पार्थिव शरीर कटनी आने की संभावना थी।

