Site icon Yashbharat.com

Katni : भवन के बिना ही चल रही लालपुरा पंचायत

Katni rithi panchayat

रीठी। रीठी जनपद की लालपुरा पंचायत के पास पंचायत के कामकाज संचालित करने के लिए अपना भवन तक उपलब्ध नहीं है। पिछले कई सालों से पंचायत में आदिवासी वार्ड में सार्वजनिक प्रयोजन के लिए बनाए गए सामुदायिक भवन में कब्जा कर रखा है। जिसके चलते शादी ब्याह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में भी ग्रामवासी सामुदायिक भवन का उपयोग नहीं कर पा रहे। पंचायत में पंचायत भवन की मांग को लेकर जनपद और जिला पंचायत सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय भोपाल तक पत्र लिखा जा चुका है पर ग्रामीणों की यह मांग अब तक पूरी नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि लालपुरा पंचायत में स्थित पंचायत भवन काफी जर्जर हो गया था। जिसके चलते लगभग 8 साल पहले पंचायत का कामकाज आदिवासी वार्ड स्थित सामुदायिक भवन से प्रारंभ कर दिया गया था।

उम्मीद थी की एक दो साल में पंचायत अपना स्वयं का भवन तैयार कर लेगी पर 8 सालों में पंचायत को अपना भवन नसीब नहीं हो पाया। पंचायत सचिव नारायण शंकर श्रीवास्तव ने बताया कि पंचायत भवन का प्रस्ताव बनाकर जनपद सीईओ को भेजा गया था पर सीईओ द्वारा कोई रूचि नहीं दिखाई गई। सीईओ जनपद के अलावा सीईओ जिला पंचायत एवं कलेक्टर को भी मांगपत्र प्रस्तुत किया गया। कुछ साल पहले तत्कालीन विधायक सौरभ सिंह से भी ग्रामीणों ने इस समस्या पर चर्चा की थी और उन्होंने जल्द पंचायत भवन स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया था ,लेकिन उनके प्रयासों से भी लालपुरा को पंचायत भवन नहीं मिल पाया।

ग्राम के जगत सिंह लोधी रमेश लोधी, बारेलाल चौधरी, हुकुमचंद सिंह, हल्के कुशवाहा, गयाप्रसाद मथुरा प्रसाद, बहोरीलाल लोधी, आदि ने बताया कि कई बार ग्राम सभा में पंचायत भवन के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। ग्राम सभा में पारित इस प्रस्ताव को जनपद और जिला पंचायत में भेजा गया, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। ग्रामीण इसके लिए मौजूदा सरपंच प्रतिपाल सिंह को दोषी ठहराते है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल कलेक्टर एवं सीईओ ललपुरा गांव के दौरे पर आए थे तब भी पंचों एवं ग्रामवासियों ने उनसे पंचायत भवन की मांग की थी। कलेक्टर ने आश्वासन भी दिलाया था, लेकिन इसे यह भी केवल आश्वासन भी साबित हुआ है। ग्रामीण बारेलाल चौधरी ने बताया कि उन्होंने विधायक से मिलकर इस संबंध में चर्चा की थी उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री को भी पत्र लिखा था यहां उल्लेखनीय है कि लालपुरा पंचायत के अंतर्गत लालपुरा समेत गुरजीकला बरगवां और पॉली ग्राम शामिल है। चार ग्रामों के निवासियों का काम पंचायत के माध्यम से ही होता है पर पंचायत के पास अपना भवन नहीं होने के कारण अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की सबसे बड़ी परेशानी यही है कि चार ग्रामों के बीच सार्वजनिक प्रयोजन के लिए एक सामुदायिक भवन बनाया गया था उस पर भी पंचायत का कब्जा हो जाने के कारण ग्रामीणों के पास सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए कोई स्थान ही नहीं बचा।

प्रस्ताव शासन को भेजा है-सीईओ
इस संबंध में जब रीठी जनपद के सीईओ से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि ललपुरा में पंचायत भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा गया है। इस पर निर्णय राज्य शासन स्तर पर ही होना है। शासन से पंचायत भवन के लिए स्वीकृति प्राप्त होते ही उपयुक्त स्थान देखकर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

Exit mobile version